आईपीएल 2021 के पहले क्वालीफायर में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ सीएसके नौवीं बार आईपीएल फाइनल में पहुंच गई है। टीम 2010, 2011 और 2018 में खिताब भी जीत चुकी है। इसके अलावा 2008, 2012, 2013, 2015 और 2019 में फाइनल में पहुंच चुकी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने चेन्नई के सामने 173 रन का लक्ष्य रखा। डीसी की ओर से कप्तान ऋषभ पंत ने 35 गेंदों पर 51 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा पृथ्वी शॉ ने 60 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 173 रन बनाकर मैच जीत लिया। चेन्नई की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने 70 रन और रॉबिन उथप्पा ने 63 रन बनाए। वहीं, धोनी छह गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहे।