इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के दूसरे चरण की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। यूएई में होने वाले आईपीएल 14 के बाकी के मुकाबलों के लिए फ्रैंचाइजी अपनी-अपनी टीमों को मजबूत बनाने में जुटी हैं। कई बड़े खिलाड़ी इस बार यूएई में लीग का हिस्सा नहीं होंगे, ऐसे में टीमें किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती हैं और लगातार रिप्लेसमेंट ढूंढ रही हैं। फिलहाल राजस्थान रॉयल्स ने दो रिप्लेसमेंट की घोषणा की है।
रॉयल्स ने जोस बटलर और बेन स्टोक्स की गैरमौजूदगी में दो कैरेबियाई खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा है। इसमें एक हैं वेस्टइंडीज के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज इविन लुईस और दूसरे हैं कैरेबियाई तेज गेंदबाज ओशेन थॉमस। इन दोनों ही खिलाड़ियों को आईपीएल का अच्छा अनुभव है। लुईस आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं जबकि थॉमस 2019 में राजस्थान रॉयल्स का ही हिस्सा थे।
लुईस को बटलर की जगह जबकि थॉमस को स्टोक्स की जगह पर बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया गया है।