आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के लिए रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह यूएई पहुंच चुके हैं। इन खिलाड़ियों ने शनिवार सुबह मैनचेस्टर से अपने परिवार के साथ चार्टर्ड प्लेन से यूएई के लिए उड़ान भरी थी। अबू धाबी में छह दिनों तक क्वारंटीन रहने के बाद ये खिलाड़ी टीम के साथ जुड़ेंगे। मैनचेस्टर से रवानगी से पहले इन खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया था। वहां (अबू धाबी) पहुंचने के बाद एक बार फिर इन खिलाड़ियों का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया गया, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
19 सितंबर से होगा आईपीएल के दूसरे चरण का आगाज
बता दें कि आईपीएल के दूसरे चरण का आगाज 19 सितंबर से हो जाएगा। पहले दिन यानी 19 को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और तीन बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स की भिड़ंत होगी। आईपीएल के बाकी बचे 31 मुकाबले 27 दिन में दुबई, शारजाह और अबु धाबी में खेले जाएंगे। गौरतलब है कि आईपीएल 2021 को कोरोना महामारी के कारण इसी साल चार मई को स्थगित कर दिया गया था।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैच रद्द
इससे पहले भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार से शुरू होने वाले पांचवें टेस्ट मैच को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। मैच के शुरू होने से कुछ घंटे पहले नाटकीय अंदाज में बीसीसीआई और ईसीबी ने साथ मिलकर मुकाबले को स्थगित करने का फैसला किया। हालांकि बाद में बीसीसीआई की तरफ से जारी बयान में मैच को भविष्य में दोबारा से करवाने की बात कही गई। दरअसल, गुरुवार को भारतीय टीम के असिस्टेंट फिजियो योगेश परमार कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। इसकी वजह से भारतीय टीम के अभ्यास सत्र को तत्काल प्रभाव से रद्द कर खिलाड़ियों को होटल में क्वारंटीन कर दिया गया। इसके बाद देर शाम भारतीय दल की आरटी-पीसीआर जांच की गई जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। हालांकि टीम के कई खिलाड़ियों ने महामारी के खतरे को देखते हुए खेलने से इंकार कर दिया।