वॉन ने धोनी के फॉर्म को लेकर बयान दिया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2021 में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हुए मैच के बाद महेंद्र सिंह धोनी की टीम अंक तालिका में दूसरे नंबर पर आ गई है। मुकाबले में चेन्नई को तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके 20 ओवर में 136 रन ही बना सकी थी। कप्तान धोनी बल्लेबाजी के वक्त जूझते हुए दिखे और 27 गेंदों पर सिर्फ 18 रन ही बना सके। अब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने माही पर तंज कसा है।
जडेजा, ब्रावो के बाद धोनी बल्लेबाजी करें
धोनी इस मैच में जडेजा से ऊपर बल्लेबाजी करने आए थे। इस फैसले ने कई खिलाड़ियों को हैरान कर दिया। जडेजा इससे पहले लीग में कई तूफानी पारियां खेल चुके थे। वॉन ने कहा कि धोनी को बल्लेबाजी के लिए और नीचे आना चाहिए। उन्होंने कहा- सच बोलूं तो जिस दिन चेन्नई के लिए जीत जरूरी हो, उस दिन धोनी जडेजा, ड्वेन ब्रावो और शार्दुल ठाकुर के बाद बल्लेबाजी के लिए आएं। जिस तरह से उनका फॉर्म है वह ठीक नहीं है।
धोनी महान खिलाड़ियों में से एक हैं
वॉन ने कहा कि मुझे यह कहते हुए थोड़ी झिझक हो रही है, क्योंकि वह क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक हैं। अगर आप सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी क्रम को देखें तो आपको भी लगेगा कि धोनी को उस नंबर पर नहीं आना चाहिए, जिस क्रम पर उन्होंने दिल्ली के खिलाफ बल्लेबाजी की। इसके साथ ही चेन्नई को बल्लेबाजी के वक्त एक निश्चित लक्ष्य के बारे में सोचना चाहिए। उस लक्ष्य तक पहुंचने के बाद टीम डिफेंड का सोचे। इसमें वह हमेशा कामयाब रहे हैं।
दिल्ली के खिलाफ सीएसके की खराब बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाए। जवाब में दिल्ली टीम ने 19.4 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाकर मैच जीत लिया। शिमरॉन हेटमायर का कैच छोड़ना धोनी की टीम के लिए भारी पड़ा।
गौतम ने छोड़ा था हेटमायर का कैच
18वें ओवर में ड्वेन ब्रावो की गेंद पर कृष्णप्पा गौतम ने उनका आसान कैच छोड़ा था। कैच छूटने के साथ गेंद सीमारेखा के बाहर भी चली गई थी और दिल्ली टीम को चार रन मिले थे। इस जीत के साथ दिल्ली टीम ने शीर्ष दो में अपनी जगह पक्की कर ली है। उसके 13 मैचों में 20 अंक हैं। वहीं, चेन्नई के इतने ही मैचों के बाद 18 अंक हैं। दोनों टीमें पहली है प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं।