दो अक्तूबर (शनिवार) को खेले गए 2 आईपीएल मैचों के बाद लीग स्टेज के कुल नौ मैच खेले जाना बाकी हैं। फिलहाल कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस की टीमें 10-10 अंकों के साथ बराबरी पर मौजूद हैं। इन सभी टीमों ने 12-12 मैच खेले हैं। यह चारों टीमों प्ले ऑफ में पहुंचने की दावेदार हैं।
चेन्नई-दिल्ली कर चुकी हैं क्वालीफाई
आईपीएल 2021 के प्ले ऑफ में दिल्ली और चेन्नई की टीमें पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं। यह दोनों टीमें अंकतालिका में किस स्थान पर रहेंगी अभी इसका फैसला होना बाकी है। तीन अक्तूबर को दो मैच और खेले जाने हैं। जिनमें 10-10 अंकों वाली चार में तीन टीमें मुकाबले खेलेंगी। इन दो मैचों के बाद पता चलेगा कि तस्वीर कैसी होगी।
राजस्थान से हार का सीएसके पर असर नहीं
शनिवार को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच खेला गया। जिसमें सीएसके को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भी चेन्नई की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला क्योंकि वह पहले ही प्ले ऑफ में पहुंच चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक ऐसा कहा जा रहा है कि सीएसके की टॉप 2 में बने रहने की संभावना 97 प्रतिशत है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स का भी शनिवार के मैच से पहले ही प्लेऑफ में पहुंचना तय था। लेकिन मुंबई के खिलाफ जीत का अर्थ यह है कि टॉप 2 में समाप्त करने की उनकी उम्मीदें अब 94 फीसदी तक हो गई हैं।
आरसीबी का क्वालीफाई करना तय
बीते शुक्रवार को केकेआर और मुंबई इंडियंस की हार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का प्ले ऑफ में क्वालीफाई करना करीब तय हो गया। आरसीबी के 11 मैचों में 14 अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर काबिज है। उसके तीसरे स्थान पर ही बने रहने की उम्मीद है। लेकिन कुछ ऐसे समीकरण भी बनते दिख रहे हैं कि आरसीबी एक से ज्यादा टीमों के साथ तीसरे स्थान पर रह सकती है।
मुंबई की हार ने पंजाब की उम्मीदें बढ़ाईं
केकेआर की टीम अभी अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। शनिवार को मुंबई की हार के बाद शीर्ष चार में उसके चांस बढ़कर 44 प्रतिशत हो गए हैं। अगर सब कुछ ठीक रहा और बाकी मैच केकेआर की टीम जीतने में सफल हुई तो वह तीसरे स्थान पर टाइ रह सकती है। मुंबई की हार ने उधर पंजाब की उम्मीदें बढ़ा दी हैं अब उसके अंतिम चार में पहुंचने की संभावना 41 प्रतिशत हो गई है।
राजस्थान की टीम फिलहाल छठे स्थान पर है। शुक्रवार के सीएसके पर मिली धमाकेदार जीते के बाद उसके अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदों में इजाफा हुआ है। राजस्थान के प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीद 44 प्रतिशत है। वहीं, मुंबई इंडियंस सातवें स्थान पर है अगर आने वाले सभी मैच वह बेहतर नेट रन रेट के साथ जीतती है तो उसके भी चांस अंतिम चार में पहुंचने के हैं।