आईपीएल 2021 के 36वें मैच में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम आमने-सामने है। दिल्ली की टीम 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 154 रन ही बना सकी। श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। राहुल तेवतिया की गेंद पर राजस्थान के विकेटकीपर संजू सैमसन ने शानदार स्टंपिंग की। सैमसन ने धोनी की तरह कारनामा करते हुए सबसे तेज स्टंपिंग का नमूना पेश किया।
बड़ा शॉट खेलना चाहते थे श्रेयस
14वें ओवर तेवतिया गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की दूसरी गेंद पर श्रेयस बड़ा शॉट लगाना चाहते थे। हालांकि, तेवतिया ने चतुराई से गेंद को ऑफ-स्टंप के बाहर पटका। श्रेयस से मिस होकर गेंद विकेटकीपर सैमसन के दस्ताने में गई। जब तक श्रेयस पैर या बैट पीछे करते, तब तक सैमसन ने गिल्लियां बिखेर दी थीं। स्टंपिंग इतनी तेज थी कि श्रेयस को सोचने तक का मौकान नहीं मिला।
श्रेयस अय्यर ने 43 रन बनाए।
- फोटो : सोशल मीडिया
फील्ड अंपायर ने टीवी अंपायर को कॉल भेजा। रिप्ले में श्रेयस को आउट पाया गया। अब सोशल मीडिया पर फैंस सैमसन की तारीफ कर रहे हैं। श्रेयस 43 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले धोनी कई बार शानदार स्टंपिंग कर चुके हैं। 2018 में वेस्टइंडीज के कीमो पॉल को उन्होंने 0.08 सेकंड में स्टंप आउट किया था। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी उन्होंने इयान बेल को बेहतरीन स्टंप आउट किया था।
दिल्ली ने राजस्थान को 155 रन का लक्ष्य दिया है। श्रेयस के अलावा शिमरॉन हेटमायर ने 28 रन और ऋषभ पंत ने 24 रन की पारी खेली। राजस्थान की ओर से मुस्तफिजुर रहमान और चेतन सकारिया ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, कार्तिक त्यागी और राहुल तेवतिया को एक-एक विकेट मिला।