दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच आईपीएल 2021 का पहला क्वालीफायर मैच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। इसके जवाब में चेन्नई ने 173 रन बनाकर चार विकेट से मैच जीत लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही और फाफ डुप्लेसिस एक रन पर आउट हो गए। इसके बाद आए अनुभवी रॉबिन उथप्पा ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 44 गेंदों पर 63 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और दो छक्के लगाए। उथप्पा की पारी को समाप्त किया श्रेयस अय्यर के उस कैच ने, जिसे देखकर दिल्ली कैपिटल्स ही नहीं हर क्रिकेट फैंस खुश हो गया।
उथप्पा ने 14वें ओवर में मिड ऑन पर बड़ा शॉट लगाया। ऐसा लग रहा था गेंद बाउंड्री लाइन के पार चली जाएगी। पर वहां खड़े अय्यर ने पहले कैच को रोका। हालांकि, उनका बैलेंस बिगड़ रहा था, इसलिए उन्होंने गेंद को मैदान के अंदर भेजकर खुद बाउंड्री के पार चले गए।
फिर बाउंड्री से अंदर आकर गेंद को लपक लिया। हालांकि, उथप्पा के कैच से भी दिल्ली को कोई फायदा नहीं हुआ। ऋतुराज और धोनी ने मिलकर चेन्नई को जीत दिला दी। धोनी छह गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, ऋतुराज ने 70 रन बनाए।