चेन्नई सुपर किंग्स के अंबाती रायडू ने ट्रेनिंग सेशन के दौरान फ्लिक से छक्का लगाया।
- फोटो : सोशल मीडिया
महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल के दूसरे चरण के लिए जोरशोर से लगी हुई है। टीम अपना पहला मैच 19 सितंबर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी। सीएसके ने हाल ही में टीम के प्रैक्टिस सेशन का वीडियो अपने ट्वीटर अकाउंट पर शेयर किया। इस दौरान अंबाती रायडू फ्लिक शॉट से छक्का लगाते दिखाई दिए। भारत के स्टार ओपनर रोहित शर्मा इस शॉट का खूब इस्तेमाल करते हैं और मैच में इससे रन भी बंटोरते हैं। सीएसके की टीम फिलहाल UAE के 'द सेवेंस स्टेडियम' में प्रैक्टिस कर रही है।
वीडियो में जमकर शॉट लगा रहे रायडू
वीडियो में 35 साल के रायडू लेग साइड पर काफी शॉट लगाते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। वे हर दूसरे बॉल को बाउंड्री की ओर घुमाते देखे जा सकते हैं। इसके अलावा रायडू ने प्रैक्टिस सेशन में पुल शॉट, डीप मिड विकेट और मिड ऑन पर भी काफी शॉट लगाते हुए दिखे। इसके लिए टीम के बॉलिंग कोच लक्ष्मीपति बालाजी ने भी रायडू की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि रायडू और सुरेश रैना शानदार फॉर्म में हैं। दोनों अपनी कमियों पर काम कर रहे हैं।
रायडू 2018 में सीएसके से जुड़े थे
रायडू 2018 में सीएसके टीम से जुड़े थे। तब से लेकर अब तक वे इस टीम का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। इस सीजन में 7 पारियों में वे 34 की औसत से 136 रन बना चुके हैं। पिछले सीजन में भी रायडू ने शानदार खेल दिखाया था। तब उन्होंने 12 पारियों में 39.88 की औसत से 359 रन बनाए थे। वे इस फ्रैंचाइजी के लिए 52 पारियों में 1379 रन बना चुके हैं। इस बार भी सीएसके के मिडिल ऑर्डर को संभालने की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होगी।
UAE में होंगे IPL के बाकी बचे मैच
IPL 2021 को कोरोना के मामले सामने आने के बाद 4 मई को सस्पेंड कर दिया गया था। तब तक लीग में 29 मैच हुए थे। अब भी इसके 31 मैच खेले जाने हैं। ये मैच UAE के 3 स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 19 सितंबर से होगी और 15 अक्टूबर को फाइनल खेला जाएगा।
लीग में फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की टीम टॉप पर है। वहीं CSK दूसरे नंबर और विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीसरे नंबर पर है। धोनी की टीम पिछले साल IPL के प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी। इस बार फैंस को धोनी और उनकी टीम से काफी उम्मीदें हैं।