आईपीएल 2021 के दूसरे चरण का आगाज हो चुका है। दूसरे चरण का पहला मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस मैच में चेन्नई ने मुंबई को 20 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही धोनी की टीम अंकतालिका में 12 अंकों के साथ शीर्ष पर है। धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए शीर्ष पर पहुंचना इसलिए भी और महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले साल (आईपीएल 2020) टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। आठ फाइनल खेलने वाली चेन्नई की टीम प्लेऑफ में भी नहीं पहुंची थी और अंकतालिका में सातवें स्थान रही थी। मगर इस बार टीम शीर्ष स्थान पर काबिज है।
धोनी की सीएसके अंकतालिका में टॉप पर
धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स ने अभी तक आठ मुकाबले खेले हैं। इनमें उसे छह मैचों में जीत मिली है जबकि दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। सीएसके ने पिछले तीनों मैचों में लगातार जीत हासिल की है। उसका नेट रनरेट +1.223 है। बता दें कि अंकतालिका में दिल्ली कैपिटल्स के भी 12 अंक हैं, लेकिन वह (+0.547) रन रेट के हिसाब से चेन्नई से पीछे है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 10 अंक के साथ तीसरे और मुंबई आठ अंकों के साथ चौथे नंबर पर काबिज है।