हैदराबाद को अपने घर में शनिवार को भले ही पुणे से 12 रन की हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन सनराइजर्स के कप्तान डेविड वार्नर ने इस मैच में अपनी 40 रन की पारी के दौरान एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वार्नर ने अपनी इस पारी के दौरान आईपीएल के दसवें सीजन में 500 रन पूरे किए। उनके नाम मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा 529 रन हो गए हैं। इस सीजन वह 500 रन के आंकड़े को पार करने वाले पहले बल्लेबाज हैं।
आईपीएल का यह लगातार चौथा सीजन है जिसमे वार्नर ने 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। यह एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले आईपीएल में कोई खिलाड़ी ऐसा नहीं कर सका था। आईपीएल में वार्नर के बल्ले से रन निकलेने का सिलसिला साल 2014 में शुरु हुआ था जो अब तक बदस्तूर जारी है। वार्नर ने साल 2014 में 14 मैचों में 140 की औसत से 528 रन बनाए थे। साल 2015 में इतने ही मैचों में यह आंकड़ा बढ़कर 562 रन हो गया था। साल 2016 में भी यह सिलसिला जारी रहा और उनके बल्ले से 17 मैचों में 848 रन निकले। हैदराबाद को पिछले सीजन चैंपियन बनाने में उनके बल्ले ने सबसे अहम योगदान दिया था। मौजूदा सीजन में भी उनका बल्ला उसी गति से चल रहा है। अब तक खेले 11 मैचों में वह 58.77 की औसत और लगभग 147 के स्ट्राइक रेट से 529 रन बना चुके हैं।
वार्नर से पहले आरसीबी के क्रिस गेल ने साल 2011 से 2013 तक लगातार तीन आईपीएल सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए थे। लेकिन वार्नर ने उनसे एक कदम आगे निकलते हुए लगातार चार सीजन में यह कारनामा कर डाला।