कोलकाता नाइटराइडर्स के बल्लेबाज मनीष पांडे डेथ ओवरों में टीम की गेंदबाजी से निराश हैं। केकेआर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ रोमांचक मैच में चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वानखेड़े स्टेडियम में मैच के बाद पांडे ने कहा कि हमें अपनी डेथ ओवरों की गेंदबाजी में सुधार करने की जरूरत है।
गुजरात लॉयंस के खिलाफ पहले मैच में भी हमें डेथ ओवरों में संघर्ष करना पड़ा था। हम इस दिशा में थोड़ा सुधार कर सकते हैं। यही समय है कि हमें इस पर विचार करना होगा। मुंबई को अंतिम पांच ओवरों में 64 रन की जरूरत थी लेकिन मेजबान टीम ने एक गेंद शेष रहते बाजी मार ली। नीतीश राणा (50) और हार्दिक पांड्या (29 रन, 11 गेंद) ने शानदार पारियां खेलीं।
मनीष ने कहा कि यदि गेंदबाज लगातार यार्कर फेंकेंगे तो बल्लेबाजों को परेशानी होगी। मुंबई के बल्लेबाजों ने डेथ ओवरों को भुनाया। हम इस कमी पर काबू पाना होगा। ऐसा लग रहा था कि हम जीत जाएंगे लेकिन नीतीश और हार्दिक ने अच्छा प्रदर्शन किया। हमें योजनाबद्ध तरीके से गेंदबाजी करनी चाहिए थी।