हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में शानदार शतक जड़ने का फायदा भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना को हुआ। मंधाना आईसीसी की जारी नवीनतम महिला वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज मंधाना ने घरेलू मैदान पर अपना पहला शतक जड़ते हुए 117 रन की मैच विजयी पारी खेली और तीन मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका पर भारत की 143 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
मंधाना ने लगाया था करियर का सातवां शतक
भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 116 गेंद पर वनडे करियर का छठा और ओवरऑल अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां शतक लगाया था। मंधाना ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद मंधाना ने पूजा वस्त्राकर के साथ सातवें विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी निभाई थी।
चामरी अटापट्टू ने गंवाई शीर्ष रैंकिंग
मंधाना के 715 अंक हैं और वह श्रीलंका की चामरी अटापट्टू से पीछे हैं जिन्होंने इंग्लैंड की नताली स्काइवर-ब्रंट को अपनी नंबर एक रैंकिंग गंवा दी थी। इंग्लैंड की ऑलराउंडर स्काइवर-ब्रंट ने पिछले महीने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 124 रन की शानदार पारी खेलकर अपना नंबर एक स्थान फिर हासिल किया। भारत की सीनियर ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा तीन पायदान ऊपर चढ़कर 20वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि पूजा वस्त्राकर तीन पायदान ऊपर 38वें स्थान पर हैं। ऑलराउंडरों की सूची में वस्त्राकर ने सबसे लंबी छलांग लगाई है। यह 24 वर्षीय खिलाड़ी चार पायदान ऊपर चढ़कर 18वें स्थान पर है।
ऑलराउंडरों की रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार कैप
दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी खिलाड़ी मारिजाने कैप वनडे ऑलराउंडरों की रैंकिंग में नंबर एक पर बनी हुई हैं। वनडे गेंदबाजी सूची में दीप्ति ने सीरीज के पहले मैच में 10 रन पर दो विकेट चटकाकर एक स्थान का सुधार करते हुए चौथा स्थान हासिल किया। इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने शीर्ष पर अपनी मजबूत बढ़त बनाए रखी है।