पंत का सम्मान करते रोहन जेटली और राजीव शुक्ला
- फोटो : Screen Grab
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के दौरान अरुण जेटली स्टेडियम में भव्य स्वागत किया गया। पंत इस लीग में हिस्सा ले रहे हैं और पुरानी दिल्ली 6 टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। पहले मैच में उनकी टीम का सामना आयुष बडोनी की कप्तानी वाली साउथ दिल्ली सुपर स्टार से हुआ। भारतीय टीम फिलहाल ब्रेक पर चल रही है जिस कारण पंत ने डीपीएल में खेलने का निर्णय लिया। इस टूर्नामेंट में उनके अलावा अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा भी हिस्सा ले रहे हैं जो उनकी टीम में ही हैं।
आयोजकों ने पंत का स्टेडियम पर शानदार स्वागत किया और इस दौरान दर्शकों ने इस भारतीय खिलाड़ी का हौसला बढ़ाया। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टी20 विश्व कप की खिताबी जीत में शामिल होने के कारण पंत का सम्मान किया।
'युवाओं के लिए अवसर है डीपीएल'
टूर्नामेंट की शुरुआत के मौके पर पंत ने युवाओं को इस लीग से मिलने वाले अवसर के बारे में बात की। उन्होंने इसके साथ ही दिल्ली के दर्शकों के बीच खेलने की उत्सकता के बारे में भी बताया। पंत ने कहा, मैं दिल्ली प्रीमियर लीग में खेलने के लिए वास्तव में उत्साहित हूं क्योंकि मुझे लगता है कि जमीनी स्तर पर उन खिलाड़ियों के लिए यह एक बहुत बड़ा अवसर है जिन्हें आईपीएल में पहचान नहीं मिलती है। जब लोग आपको इन लीगों में खेलते हुए देखेंगे, तो वे आपको इन लीगों में से चुन सकते हैं। उम्मीद करता हूं कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अच्छा सफर रहेगा।
दलीप ट्रॉफी में भी खेलते दिखेंगे पंत
पंत अब दलीप ट्रॉफी के शुरुआती दौर में भी खेलते दिखेंगे जिसकी शुरुआत पांच सितंबर से हो रही है। दिसंबर 2022 में कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पंत का यह पहला लाल गेंद का टूर्नामेंट होगा। घरेलू टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन करने से पंत का चयन अगले महीने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए हो सकता है। हालांकि, पंत के लिए यह चुनौती आसान नहीं होगी क्योंकि राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की दौड़ में उनके सामने केएल राहुल, ईशान किशन और ध्रुव जुरेल की दावेदारी होगी।