भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे ने भी फ्लाइट के अंदर की तस्वीर साझा की है, जिसमें वह ट्रॉफी के साथ दिखाई पड़ रहे हैं। इसके कैप्शन में दुबे ने लिखा- कुछ खास चीज के साथ देश लौट रहा हूं। भारतीय टीम ने 11 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को समाप्त किया। साथ ही 17 साल बाद टी20 विश्व कप जीता है।
रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने शनिवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर सात रन से रोमांचक जीत हासिल कर खिताब जीता। चार्टर फ्लाइट दो जुलाई को अमेरिका के न्यू जर्सी से चली और स्थानीय समयानुसार (बारबाडोस) देर रात बारबाडोस पहुंची। शेड्यूल के मुताबिक, फ्लाइट बारबाडोस से तीन जुलाई को स्थानीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे यानी भारतीय समयानुसार आज दोपहर दो बजे उड़ान भरी। दिल्ली पहुंचने में 16 घंटे का समय लगेगा। यानी विश्व चैंपियन टीम इंडिया गुरुवार को भारतीय समयानुसार सुबह छह बजे दिल्ली उतरेगी। यह तभी होगा अगर उड़ान में किसी प्रकार की देरी नहीं होती है तो।
बारबाडोस के ग्रांटली एडम्स अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ने मंगलवार को अपना परिचालन फिर से शुरू कर दिया था। इससे पहले भारतीय टीम को दो जुलाई को स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे के आसपास रवाना होना था और बुधवार को शाम 7.45 बजे (भारतीय समयानुसार) पहुंचना था। हालांकि, इसमें संशोधन हुआ और अब भारतीय खिलाड़ी गुरुवार को भारत पहुंचेंगे। तूफान बेरिल अब श्रेणी 5 से नीचे आते हुए श्रेणी 4 का तूफान बन गया है और जमैका की ओर बढ़ रहा है।
मंगलवार को बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने खुलासा किया था कि तूफान के कारण तीन दिन तक बारबाडोस में फंसे रहने के बाद खिलाड़ियों को बुधवार शाम (स्थानीय समयानुसार) दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। उन्होंने ट्वीट किया- भगवान का शुक्र है कि टीम इंडिया बारबाडोस से दिल्ली के लिए रवाना हो रही है। वे भीषण तूफान के कारण तीन दिनों तक वहां फंसे रहे। बीसीसीआई ने खिलाड़ियों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए सभी इंतजाम किए हैं। बीसीसीआई सचिव जय शाह खुद पूरी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों और मीडिया कर्मियों को लेकर स्पेशल फ्लाइट सुबह छह बजे भारत पहुंचेगी। उन्होंने कहा, "भारतीय टीम को वापस लाने के लिए बीसीसीआई ने एयर इंडिया का विशेष विमान भेजा था। इसके अलावा, फंसे हुए मीडियाकर्मियों को भी उसी विमान से वापस लाया जा रहा है। वे कल सुबह 6 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री ने सुबह 11 बजे अपने आवास पर टीम के लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया है। इसके बाद वे विशेष विमान से मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां उनके सम्मान में नरीमन पॉइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक रोड शो का आयोजन किया गया है। वानखेड़े स्टेडियम में उनके लिए एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया है, जहां भारतीय क्रिकेट टीम, कोच और सहयोगी स्टाफ को सम्मानित किया जाएगा और बीसीसीआई द्वारा घोषित 125 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।"