अफगानिस्तान में मौजूदा समय में जारी राजनीतिक घमासान के बाद ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि देश के शीर्ष क्रिकेटर राशिद खान और मोहम्मद नबी आगामी आईपीएल के बाकी सत्र में नहीं खेलेंगे। इंडियन प्रीमियर लीग के शेष सत्र की शुरुआत 19 सिंतबर से संयुक्त अरब अमीरात में होगी। इस बीच सनराइजर्स हैदराबाद ने पुष्टि करते हुए कहा है कि अफगान क्रिकेटर राशिद खान और मोहम्मद नबी आईपीएल के 14वें सत्र में एसआरएच के लिए खेलेंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद के सीईओ के षणमुगम ने कहा, हम इस मसले पर बात नहीं कर रहे हैं कि अफगानिस्तान में वर्तमान समय में क्या हो रहा है, लेकिन राशिद खान और मोहम्मद नबी आईपीएल के लिए उपलब्ध रहेंगे। जब उनसे यह पूछा गया कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम यूएई कब जाएगी। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, हम इस महीने के अंत में 31 अगस्त को सयुंक्त अरब अमीरात रवाना हो रहे हैं।
इस दौरान इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने कहा है कि अफगानिस्तान में मौजूदा हालात को देखते हुए राशिद खान काफी चिंतित हैं, वह अपने परिवार को देश के बाहर नहीं निकाल पा रहे हैं। अफगानिस्तान में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के चलते काबुल स्थित हामिद करजई इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर दुनिया भर की उड़ानें प्रभावित हैं। राशिद खान वर्तमान समय में ब्रिटेन में द हंड्रेड टूर्नामेंट खेल रहे हैं और वह ट्रेंट रॉकेट्स का हिस्सा हैं।
स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए केविन पीटरसन ने कहा, अफगानिस्तान में बहुत सी चीजें घट रहीं हैं, हमने इस दौरान राशिद से लंबी बात की और वह चिंतित हैं, वह अपने परिवार को अफगानिस्तान के बाहर नहीं निकाल पा रहे हैं उनके लिए बहुत सी चीजें घट रही हैं।
बीते महीने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल 2021 के शेष मैचों के कार्यक्रम की घोषणा की जो कि यूएई में आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 27 दिनों में 31 मैच खेले जाएंगे। यह आईपीएल का 14वां सत्र है जिसे कोरोना वायरस महामारी के चलते स्थिगित कर दिया गया था। आईपीएल 2021 के दूसरे सत्र का पहला मुकाबले मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा।