टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुक्रवार से केपटाउन में पहला टेस्ट मैच खेलना है। मगर इससे पहले टीम इंडिया को एक चेतावनी मिली है कि वह पानी संभलकर खर्च करे। टीम इंडिया के खिलाड़ियों को सिर्फ दो मिनट तक नहाने की इजाजत मिली है। दरअसल, केपटाउन में इस समय पानी बचाने का अभियान जोरों पर है और इसी वजह से टीम इंडिया को भी सख्त निर्देश मिले हैं।
असल बात यह है कि केपटाउन शहर इस समय पानी की किल्लत से जूझ रहा है। इसलिए यहां पानी सुरक्षित करने के पुख्ता प्रयास किए जा रहे हैं।
टीम इंडिया के खिलाड़ी भी पानी की बचत को बखूबी समझते होंगे, लेकिन केपटाउन के बेहद गर्म माहौल में नहाने के समय पर अंकुश लगाना खिलाड़ियों को शायद रास नहीं आ रहा होगा।
टीम इंडिया के खिलाड़ी नेट्स पर जमकर पसीना बहाते हैं और वह अपने आप को को फ्रेश रखने के लिए जब नहाने का विचार करते होंगे, तो 2 मिनट का समय सुनकर उन्हें निराशा ही हो रही होगी। होटल प्रशासन ने खिलाड़ियों को 2 मिनट से अधिक शॉवर न लेने के लिए कहा है।
केपटाउन में इस साल कम बारिश के कारण भूमिगत जलस्तर काफी नीचे गिर गया है और यहां मौजूद बांधों में भी पानी का जलस्तर काफी कम हुआ है। ऐसे में केपटाउन में पानी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसी के तहत यहां पानी बचाने का कैंपेन चलाया जा रहा है, जिसके तहत होटल प्रशासन ने टीम इंडिया को पानी की बचत संबंधी यह निर्देश दिया है।