पत्रकार काफी देर से अगरकर और रोहित का प्रेस कॉन्फ्रेंस में आने का इंतजार कर रहे थे। रोहित जब मीडिया को संबोधित करने के लिए कुर्सी पर बैठे तो वह अगरकर के साथ कुछ बात कर रहे थे। रोहित को नहीं पता था कि माइक की आवाज ऑन है। रोहित इस दौरान अगरकर से बीसीसीआई के उस फैसले के बारे में बात करते दिखे जिसमें बोर्ड ने विदेशी दौरे पर खिलाड़ियों के परिवार की भागीदारी सीमित कर दी थी।
'मेरे को सचिव से बात करनी पड़ेगी'
रोहित अगरकर से बोलते सुनाई दिए, 'मुझे वापस सचिव के साथ बैठना पड़ेगा। ये सब चीज फैमिली का, अब सब मेरे को पूछ रहे हैं।' दिलचस्प बात है कि रोहित इतना कहकर रुक गए और पत्रकारों से बात करने लगे। इस पर कोई प्रतिक्रिया आती उससे पहले ही अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत कर दी और चैंपियंस ट्रॉफी तथा इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का एलान किया। जब रोहित से दिशा-निर्देशों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, आपको इन नियमों के बारे में किसने बताया? क्या यह बीसीसीआई के आधिकारिक हैंडल से आया है? इसे आधिकारिक तौर पर आने दें।