भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने टी20 विश्व कप जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए बधाई संदेश का जवाब दिया है। कोहली ने कहा कि प्रधानमंत्री का सहयोग और प्रेरणा हमेशा उन्हें ट्रॉफी जीतने के लिए सकारात्मक रहने में मदद करता है। पीएम मोदी ने बारबाडोस में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के बाद टीम के सदस्यों से फोन पर बात की थी और विश्व विजेता बनने पर बधाई दी थी।
कोहली ने सोमवार को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री का आभार जताया। मालूम हो कि पिछले साल अहमदाबाद में खेले गए वनडे विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत को मिली हार के बाद मोदी भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में गए थे और उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया था।
कोहली ने लिखा, 'प्रिय नरेन्द्र मोदी सर, आपके इन शब्दों और हमेशा आपके समर्थन तथा प्रोत्साहन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। इस टीम का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है जो कप को घर ले आई है। इससे पूरे देश को जो खुशी मिली है उससे हम बहुत प्रभावित और अभिभूत हैं।' कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 76 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। कोहली ने इस मैच के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। मोदी ने कोहली की प्रशंसा करते हुए लिखा था, कोहली आपसे बात करके खुशी हुई। फाइनल की पारी की तरह, आपने भारतीय बल्लेबाजी को शानदार ढंग से आगे बढ़ाया। आप खेल के सभी प्रारूपों में चमके हैं। टी20 क्रिकेट को आपकी कमी खलेगी, लेकिन मुझे विश्वास है कि आप नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
रोहित ने भी जताया था आभार
कोहली से पहले कप्तान रोहित शर्मा ने भी प्रधानमंत्री मोदी के ट्वीट को रिट्वीट कर उनकी शुभेच्छाओं के लिए आभार जताया था। रोहित ने लिखा था, नरेन्द्र मोदी सर, आपकी शुभेच्छाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। टीम और मैं कप को घर लाने में सक्षम होने पर बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं और हम वास्तव में इस बात से अभिभूत हैं कि इसने सभी को घर वापस लाने में कितनी खुशी दी है।