भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोच्चि में खेले जाने वाले पहले वनडे मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। खबर है कि अपने बोर्ड से नाराज चल रहे वेस्टइंडीज के खिलाड़ी मैच से पहले हड़ताल पर जा सकते हैं।
वेस्टइंडीज खिलाड़ियों के मुताबिक वेस्टइंडीज प्लेयर्स एसोसिएशन (डब्ल्यूआईपीए) ने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के साथ क्रिकेटरों का करार करते समय उनकी राय नहीं ली। खिलाड़ियों का कहना है कि नए करार में उनकी क्रिकेट फीस में कटौती की गई है।
खिलाड़ियों की नाराजगी को लेकर वेस्टइंडीज के कप्तान ड्वेन ब्रावो ने बोर्ड को पत्र लिखकर विरोध जताया है। ब्रावो ने कहा है कि अगर करार में बदलाव नहीं किए गए तो टीम अपने स्तर पर कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी और इसके लिए वेस्टइंडीज प्लेयर्स एसोसिएशन व वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड जिम्मेदार होंगे।
वेस्टइंडीज की टीम ने कोच्चि वनडे से पहले ना अभ्यास किया और ना ही मीडिया से बात की। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 वनडे, 3 टेस्ट और एक टी20 मैच खेला जाना है।