टीम इंडिया गुरुवार को पल्लेकली स्टेडियम में जब श्रीलंका के खिलाफ दूसरा वन-डे खेलने उतरेगी, तो उसका लक्ष्य जीत की लय को बरकरार रखते हुए पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने की होगी। दूसरे वन-डे में बड़ा स्कोर बनते देखा जा सकता है, पल्लेकली की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित होगी। विराट कोहली के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने पहला वन-डे 127 गेंद शेष रहते 9 विकेट के बड़े अंतर से जीता था।
मैच की पूर्व संध्या पर बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में कप्तान विराट कोहली ने भी कहा कि पल्लेकल में भी दांबुला जैसा विकेट है। पिच बल्लेबाजों को मदद करने वाली होगी। टीम में जल्द बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि विराट ने कहा कि मैच जीतने के लिए सभी तरह के विकल्पों पर विचार किया जा सकता है। कप्तान कोहली ने कहा कि हार्दिक पांड्या एक बेहतरीन गेंदबाज हैं। वह गेंद को स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं। वह 135 किलोमीटर की रफ्तार से लगातार गेंद फेंक सकते हैं। बुमराह एक स्ट्राइक बॉलर हैं। दोनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा।
Wicket similar to Dambulla. I don't see any reason to change team just after 1 game but everything&any combination is possible: Virat Kohli pic.twitter.com/sTby67Hg8j— ANI (@ANI) August 23, 2017
उल्लेखनीय है कि सीरीज के पहले वन-डे में भारतीय टीम ने मेजबान को खेल के हर विभाग में मात दी थी। विराट ब्रिगेड विश्वास से भरी हुई है और दूसरे वन-डे में उससे कमाल के प्रदर्शन की उम्मीद जारी रहेगी। मेहमान टीम के ओपनर शिखर धवन ने पहले वन-डे में 132* रन की मैच विजयी पारी खेली थी। उन्होंने कप्तान विराट कोहली (82*) के साथ दूसरे विकेट के लिए 197 रन की अविजित साझेदारी करके टीम को पहले वन-डे में रॉयल जीत दिलाई।
ये भी पढ़ें : बॉलिंग कोच को खल रही है टीम इंडिया के गेंदबाजी आक्रमण में एक बड़ी कमी
भारतीय टीम की नजरें मैच के दौरान कुछ रिकॉर्ड्स पर भी रहेंगी। कप्तान विराट कोहली एक कैलेंडर वर्ष में वन-डे में सर्वाधिक रन बनाने की दहलीज पर खड़े हैं। अगर वो दूसरे वन-डे में 45 रन बनाने में कामयाब रहे तो दक्षिण अफ्रीका के फाफ डू प्लेसी और इंग्लैंड को जो रूट को पीछे छोड़ देंगे। कोहली ने इस वर्ष 14 वनडे में दो शतक और 6 अर्धशतकों तथा 96.12 की धमाकेदार औसत से कुल 769 रन बनाए हैं। इस साल सर्वाधिक वन-डे रन बनाने के मामले में दक्षिण अफ्रीका के फाफ डू प्लेसी नंबर-1 है। उन्होंने 16 वनडे मैच में 58.14 की औसत से 814 रन बनाए हैं। वहीं 2 शतक और 5 अर्धशतकों की मदद से 14 मैच में 785 रन बना चुके इंग्लैंड के जो रूट इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। कोहली की बल्लेबाजी स्टाइल को देखते हुए लगता है कि वो आसानी से गुरुवार को इस लिस्ट में टॉप पर पहुंच जाएंगे।
शिखर धवन के पास विराट कोहली के सबसे जल्दी 4,000 वन-डे रन के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है। विराट कोहली भारत की ओर से सबसे तेज 4000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। विराट ने 93 पारियों में 4000 रन के आंकड़े को छुआ था। जबकि शिखर धवन अबतक 86 पारियों में 3721 रन बना चुके हैं। मतलब शिखर धवन के पास विराट को पीछे छोड़ने के लिए 279 रन बनाने हैं और उनके पास अभी कुल 6 पारियां और हैं।
विराट ने 2013 में सौरव गांगुली के भारत की ओर से सबसे तेज 4,000 वन-डे रन का रिकॉर्ड तोड़ा था। अब चार साल बाद धवन के पास मौका है कि वो विराट के सबसे तेज 4,000 रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ कर भारत के लिए नया रिकॉर्ड बनाए। वन-डे क्रिकेट में सबसे तेज 4,000 रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला के नाम है। अमला ने 81 पारी में 4,000 का आंकड़ा पार कर कोहली और विव रिचर्ड्स को पीछे छोड़ा था।
टीम इंडिया अभी शानदार फॉर्म में है, लेकिन दूसरे वन-डे में उसके टीम में बदलाव करने की उम्मीद है। 28 वर्षीय कप्तान कोहली पहले ही कह चुके हैं कि 2019 वर्ल्ड कप की तैयारी में टीम जुट चुकी है और हर किसी की भूमिका तय होना जरुरी है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि दूसरे वन-डे में मनीष पांडे को मौका मिल सकता है। कुलदीप यादव को भी प्लेइंग इलेवन में जगह दी जा सकती है।
वहीं मेजबान श्रीलंका की टीम अपने खराब फॉर्म से बेहद चिंतित है। उसके बल्लेबाजों ने पहले वन-डे में दमदार ओपनिंग की थी, लेकिन इसके बाद टीम का मध्यक्रम बिखरा और पूरी टीम महज 216 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद उसके गेंदबाजों में भी पैनापन नजर नहीं आया और वो चारों खाने चित हो गई। श्रीलंका को 2019 आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप में सीधे क्वालीफाई करने के लिए मौजूदा सीरीज में दो मैच जीतना बहुत जरुरी है। ऐसे में श्रीलंका की टीम दूसरे वन-डे में अपना पूरा जोर लगाकर मुकाबला जीतना चाहेगी।