भारत और श्रीलंका के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज का पहला मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने मेजबान श्रीलंका को 7 विकेट से रौंद दिया।शिखर धवन की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम पहले वनडे में जीत दर्ज करने में सफल रही। श्रीलंका दौरे पर सीमित ओवरों की क्रिकेट सीरीज खेलने गई टीम इंडिया का कप्तान शिखर धवन को बनाया गया है। दूसरी तरफ यह वनडे मैच डेब्यूटेंट ईशान किशन के लिए भी खास रहा। उन्होंने अपने एकदिवसीय करियर का आगाज करते हुए इस मैच में कीर्तिमान रच रॉबिन उथप्पा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
दरअसल भारत की तरफ से सबसे पहले डेब्यू वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 50 या उससे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड रॉबिन उथप्पा के नाम था। उथप्पा ने 15 अप्रैल 2006 को इंदौर में इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू वनडे मैच में 86 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद 14 सितंबर 2007 को उन्होंने अपने दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ डरबन में 50 रन बनाए थे। हालांकि उथप्पा ने अपना पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच स्कॉटलैंड के खिलाफ डरबन में खेला था। लेकिन इस मैच में उन्होंने बल्लेबाजी नहीं की।
वहीं ईशान किशन ने अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू मैच 14 मार्च 2021 को अहमाबाद में खेला था। इस मैच उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 56 रन बनाए थे। इसके बाद ईशान किशन ने 18 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया। इस मैच में उन्होंने आतिशी पारी खेलते हुए 42 गेदों पर 59 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान ईशान किशन ने 8 चौके और 2 छक्के लगाए।