ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ब्रैड हॉग ने कहा है कि श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया को कम नहीं आंकना चाहिए। यह टीम दुनिया की किसी भी पूरी ताकत वाली टीम को मात देने के लिए काफी है। कुछ दिन पहले श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन राणातुंगा ने श्रीलंका गई टीम इंडिया को बी टीम करार दिया था।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर ब्रैड हॉग ने श्रीलंका दौरे पर गई शिखर धवन की कप्तानी वाली टीम इंडिया की जमकर तारीफ की है। भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर तीन एकदिवीस और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। दोनों देशों के बीच यह सीरीज अगले सप्ताह से शुरू होगी। इस दौरान भारतीय टीम के नियमित खिलाड़ी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड दौरे पर हैं। बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे पर युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण वाली टीम भेजी है।
विज्ञापन
श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया को पूर्व कप्तान राणातुंगा ने बी टीम कहा था। राणातुंगा ने य़ह भी कहा कि बोर्ड भारत की बी टीम के साथ सीरीज का आयोजन कर श्रीलंका क्रिकेट की बेइज्जती कर रहा है। राणातुंगा के इस बयान से क्रिकेट बिरादरी में काफी हलचल मच गई क्योंकि कई पूर्व खिलाड़ियों ने पहले ही इसके खिलाफ अपनी राय दी है।
अब इस बहस में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व गेंदबाज ब्रैड हॉग भी शामिल हो गए हैं। ब्रैड हॉग ने पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ की कोचिंग वाली टीम इंडिया की खूब प्रशंसा की। हॉग ने कहा, श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया को दुनिया की किसी भी टीम को चुनौती देने के लिए काफी बताया।
विज्ञापन
हॉग ने ट्वीट कर कहा, श्रीलंका में मौजूद भारतीय टीम को देखा जाए, मैं नहीं सोचता हूं कि मेजबान शिकायत कर सकते हैं, यह ऐसी टीम है जो इस समय पूरी ताकत वाली सभी टीमों को चुनौती देगी।
उन्होंने दूसरे ट्वीट में सीरीज के परिणाम की भविष्यवाणी करते हुए कहा, श्रीलंका के सामने कुछ मुद्दे हैं, भारत दोनों सीरीज जीतेगा, टीम के दिमाग को सही फ्रेम में रखने के लिए राहुल द्रविड़ अनुशासित हैं।
भारतीय टीम इन दिनों श्रीलंका में आगामी सीरीज को देखते हुए जमकर तैयारी कर रही है। श्रीलंका की टीम इंग्लैंड में शर्मनाक हार के बाद स्वदेश पहुंची है। इंग्लैंड ने श्रीलंका को टी-20 सीरीज में 3-0 और एकदिवसीय सीरीज में 2-0 से हराया था। जबकि तीसरा मैच बारिश के चलते पूरा नहीं हुआ था।