शिखर धवन (94) और केएल राहुल (73*) के बीच 166 रन की साझेदारी की मदद से टीम इंडिया ने पहले टेस्ट के चौथे दिन अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। स्टंप्स के समय टीम इंडिया ने 39.3 ओवर में एक विकेट खोकर 171 रन बना लिए हैं। राहुल के साथ चेतेश्वर पुजारा 2 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। इस तरह मेजबान टीम ने श्रीलंका की पहली पारी में 122 रन की बढ़त को उतारा और अब 49 रन की बढ़त बनाई, जबकि उसके 9 विकेट शेष हैं। खराब रोशनी का असर रविवार के खेल पर भी पड़ा और दिन में 18।3 ओवर कम खेले गए।
टीम इंडिया की पहली पारी 172/10 के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी रविवार को 294 रन पर ऑलआउट हुई। इस तरह मेहमान टीम ने भारत पर 122 रन की बढ़त बनाई। फिर शिखर धवन और केएल राहुल ने टीम इंडिया को दूसरी पारी में धमाकेदार शुरुआत दिलाई और 166 रन की साझेदारी की। दोनों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को विकेट के लिए तरसाया और खुलकर अपने शॉट्स भी खेले।
केएल राहुल ने परेरा द्वारा किए पारी के 20वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेकर अपने टेस्ट करियर का 9वां अर्धशतक जमाया। राहुल का श्रीलंका के खिलाफ चौथा अर्धशतक रहा। वो 113 गेंदों में 8 चौको की मदद से 73 रन बनाकर नाबाद हैं।
वहीं शिखर धवन ने दिलरुवान परेरा द्वारा किए पारी के 26वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया। श्रीलंका के खिलाफ धवन ने पहला अर्धशतक जमाया।
श्रीलंका को दिन की एकमात्र सफलता दासुन शनाका ने 38वें ओवर की पहली गेंद पर दिलाई। उन्होंने शिखर धवन (94) को विकेटकीपर डिकवेला के हाथों कैच आउट कराकर इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 116 गेंदों में 11 चौको और दो छक्को की मदद से 94 रन बनाए।
शमी-भुवी की धारदार गेंदों से थर्राए श्रीलंकाई बल्लेबाज
मोहम्मद शमी
- फोटो : BCCI
इससे पहले श्रीलंका ने टीम इंडिया के खिलाफ पहली पारी की आधार पर 122 रन की बढ़त बनाई। श्रीलंका को समेटने में टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी ने 4-4 विकेट लिए जबकि उमेश यादव को दो सफलता मिली।
श्रीलंका की तरफ से रंगना हेराथ (67), एंजेलो मैथ्यूज (52) और लहिरू थिरिमाने (51) ने उम्दा पारियां खेली। मेहमान टीम ने चौथे दिन अपनी पारी 165/4 के स्कोर से आगे बढ़ाई, लेकिन स्कोर 200 रन पर पहुंचते ही उसे एक के बाद एक जोरदार झटके लगे।
टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार ने महज एक रन के अंतराल में श्रीलंका के तीन विकेट झटक दिए।। मोहम्मद शमी ने निरोशन डिकवेला (35) को कप्तान कोहली के हाथों कैच आउट कराकर श्रीलंका का पांचवां विकेट गिराया।
अगले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने दासुन शनाका को LBW आउट कर दिया। शनाका खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद शमी ने 55वें ओवर की दूसरी गेंद पर श्रीलंका के कप्तान दिनेश चंडीमल (28) को साहा के हाथों कैच आउट कराकर टीम इंडिया को दिन की सबसे बड़ी सफलता दिलाई।
39 वर्षीय हेराथ ने खेली जुनूनी पारी
रंगना हेराथ
- फोटो : BCCI
यहां से रंगना हेराथ ने दिलरुवान परेरा (5) के साथ आठवें विकेट के लिए 43 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और श्रीलंका की बढ़त 50 रन से ऊपर कर दी। इस खतरनाक जोड़ी को शमी ने तोड़ा। तेज गेंदबाज ने परेरा को विकेटकीपर साहा के हाथों कैच आउट कराकर अपना तीसरा विकेट लिया।
हेराथ ने सुरंगा लकमल के साथ 9वें विकेट के लिए 46 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और श्रीलंका की बढ़त 100 रन के पार पहुंचाई। 39 वर्षीय हेराथ ने उमेश द्वारा किए पारी के 78वें ओवर की तीसरी गेंद पर कवर्स के ऊपर से चौका जमाकर अपने टेस्ट करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 82 गेंदों में 7 चौके जमाकर पचासा जड़ा। भारत के खिलाफ हेराथ का यह दूसरा अर्धशतक है।
भुवनेश्वर ने हेराथ की हैरतअंगेज पारी का अंत करके इस साझेदारी को तोड़ा। शमी ने डीप बैकवर्ड पॉइंट पर हेराथ का कैच लपका। जल्द ही शमी ने सुरंगा लकमल (16) को क्लीन बोल्ड करके श्रीलंकाई पारी का अंत किया।