टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच वन-डे सीरीज खत्म होने के बाद अब टी20 इंटरनेशनल सीरीज का घमासान शुरू होगा। मेजबान टीम ने पहले टेस्ट और फिर वन-डे सीरीज में श्रीलंका को मात दी। अब उसका इरादा टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीतकर साल का शाही अंत करने का होगा। पहला टी20 इंटरनेशनल मैच कटक के बाराबती स्टेडियम में 20 दिसंबर को खेला जाएगा।
हालांकि, पहले टी20 इंटरनेशनल से पूर्व क्रिकेट फैंस को जोरदार झटका लगा है। क्रिकेट फैंस को टिकट नहीं मिल रहे हैं। टिकटों की बिक्री में अनियमितताओं की बात सामने आई है।
ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) ने घोषणा की थी कि गैलरी के टिकट शनिवार और रविवार को बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। फिर अधिकारियों ने काफी देर से टिकटों के काउंटर पर ये जानकारी भेजी कि टिकट उपलब्ध नहीं हैं।