India vs South Africa (IND vs SA) 1st T20 Live Streaming, Telecast: भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका को हराकर विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना चाहेगी। इस सीरीज में जीत मिलने पर टीम इंडिया का आत्मविश्वास और बेहतर होगा।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में है। ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेगी। इसी साल जून के महीने में दक्षिण अफ्रीका ने भारत का दौरा किया था। पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर छूट गई थी। सीरीज का निर्णायक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। ऐसे में दोनों टीमें यह सीरीज जीतने के लिए बेताब होंगी।
विज्ञापन
भारत ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से हराया था और टीम इंडिया जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। हालांकि, अंतिम ओवर की गेंदबाजी भारत के लिए चिंता का विषय रही है। इस सीरीज में कप्तान रोहित इसी कमजोरी पर काम करना चाहेंगे। आइए जानते हैं सीरीज के पहले मैच के प्रसारण और ऑनलाइन टेलीकास्ट से जुड़ी सारी जानकारी...
कब होगा भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच?
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला 28 सितंबर यानी बुधवार को है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका का मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से है। टॉस शाम 6:30 बजे होगा।
कौन से टीवी चैनल पर प्रसारित होगा मैच?
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टी-20 सीरीज के प्रसारण का अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। आप स्टार स्पोर्ट्स के अलग-अलग चैनल पर हिंदी और इंग्लिश के अलावा देश की अन्य भाषाओं में कमेंट्री के साथ यह मैच देख सकते हैं।
इस मैच की लाइव-स्ट्रीमिंग भारत में डिज्नी प्लस हॉटस्टार एप पर देखी जा सकती है। इसके अलावा आप मैच से जुड़ी खबरें, लाइव अपडेट्स और रिकॉर्ड्स www.amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।
फ्री में कैसे देखें मैच?
डीडी फ्री डिश में इस मैच का प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर किया जा रहा है। डीडी स्पोर्ट्स चैनल के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता है। ऐसे में आप बिना कोई पैसा दिए इस टूर्नामेंट के मैच देख सकते हैं।