जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगा भारत
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले दो मुकाबले आसानी से जीते थे और सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम इस मैच में भी प्रबल दावेदार के तौर पर उतरेगी। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अजेय चल रही है और उसने लगातार छह मैच जीते हैं। भारत ट्रॉफी अपने नाम करने से एक कदम दूर है। भारतीय टीम ने 2023 में वनडे प्रारूप में खेले गए फाइनल मैच में जीत हासिल की थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर प्रशंसकों में आमतौर पर काफी उत्साह रहता है, लेकिन इस बार हालात बदले हुए नजर आए। दोनों टीमों के बीच ग्रुप चरण के मैच से पहले इस मुकाबले का काफी विरोध हो रहा था और पाकिस्तान के साथ नहीं खेलने की मांग उठ रही थी। यह स्थिति पहगलाम आतंकी हमले के कारण उत्पन्न हुई थी। हालांकि, भारतीय टीम ने मुकाबला खेला था, लेकिन सूर्यकुमार और टीम के अन्य सदस्यों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ तक नहीं मिलाए थे। इस कारण विवाद भी हुआ था और फिर दोनों टीमें 21 सितंबर को सुपर चार चरण में एक दूसरे के सामने थीं। अब लगातार तीसरे रविवार को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होने जा रहा है।