भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुए डेवोन कॉन्वे
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत के खिलाफ खेले जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को जबरदस्त झटका लगा है। कीवी टीम के स्टार बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे चोट की वजह से सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में डेरिल मिशेल को शामिल किया गया है। मिशेल पहले ही दौरे से बाहर हो गए थे आईसीसी टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मैच में उनका हाथ टूट गया था। इस सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को हराया था।
टी-20 टीम के साथ स्वदेश लौटेंगे कॉन्वे
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा कि भारत के खिलाफ अगले हफ्ते शुरू हो रही तीन टी-20 मैचों की सीरीज के बाद कॉन्वे टीम के साथ न्यूजीलैंड लौट जाएंगे जबकि, मिशेल टीम के साथ बने रहेंगे। हेड कोच ने कहा, डेवोन के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र की पहली सीरीज से चूकना शर्म की बात है, लेकिन यह किसी और के लिए एक अवसर भी प्रदान करता है। इस महीने अंत में दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।
प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं डेरिल मिशेल
मुख्य कोच गैरी स्टीड के मुताबिक, डेरिल मिशेल की बहुमुखी प्रतिभा का मतलब है कि वह किसी भी क्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं, उन्हें इस समय काफी आत्मविश्वास मिला है, उन्होंने साबित कर दिया है कि वह टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं और मुझे पता है कि वह टेस्ट टीम में फिर से शामिल होने के लिए काफी उत्साहित हैं।
टी-20 और टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
सोमवार को न्यूजीलैंड की टीम भारत पहुंचेगी। तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला जयपुर में 17 नवंबर से खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 19 नवंबर को रांची में होगा। वहीं 21 नवंबर को कोलकाता में दोनों टीमें टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच खेलेंगीं। इसके बाद दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला 25 नवंबर से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा जबकि, दूसरा मैच मुंबई में तीन दिसंबर से शुरू होगा।