न्यूजीलैंड-भारत के बीच दो मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में खेला गया। जिसे कीवी टीम ने 10 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 165 रन पर ऑल आउट हो गई। भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम फेल हो गया। रहाणे की 46 रन की पारी खेली थी।
कीवी टीम ने अपनी पहली पारी में 348 रन बनाए। कीवी कप्तान केन विलियमसन (89) और रास टेलर (44) की 93 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। कीवी टीम ने भारत की पहली पारी के आधार पर कीवी टीम ने 183 रन की बढ़त हासिल की थी।
भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज इशांत शर्मा रहे, उन्होंने पांच विकेट चटकाए। यह 11वां मौका था जब इशांत ने टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट लिए। अश्विन को तीन विकेट मिले और शमी-बुमराह के खाते में भी एक-एक विकेट गए।
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर से खराब रही और ट्रेंट बोल्ट की तूफानी गेंदबाजी के आगे 113 रन पर ही शुरुआत के चार विकेट गंवा दिए। भारत की तरफ से दूसरी पारी में मयंक अग्रवाल ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से टीम साउदी ने पांच और बोल्ट चार विकेट चटकाए। एक विकेट ग्रैंडहोम को मिला। पदार्पण मैच खेल रहे काइल जेमिसन ने पहली पारी में चार विकेट लिए थे, लेकिन दूसरी पारी में वह एक भी विकेट नहीं ले सके।
भारत ने न्यूजीलैंड के सामने महज नौ रन का लक्ष्य रखा जिसे कीवी टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। कीवी टीम इस सीरीज में 1-0 से आगे होने के साथ ही आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के 60 अंक भी अपने नाम कर लिए। न्यूजीलैंड के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की यह 100वीं जीत है। न्यूजीलैंड के लिए टीम साउदी ने 9 विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज का आखिरी मुकाबला 29 फरवरी से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।
टेस्ट चैंपियनशिप में पहली हार
भारतीय टीम की टेस्ट चैंपियनशिप में यह पहली हार है। इससे पहले खेले गए सात मुकाबले में टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन और बांग्लादेश के साथ खेलते हुए दो टेस्ट मैचों में जीत हासिल की थी।
विराट बोले सुधार की जरूरत
मैच के बाद विराट ने कहा कि टॉस बहुत महत्वपूर्ण निकला। विराट ने कहा कि हमारा स्कोर 220-230 होता तो कुछ बेहतर होता। हम पहली पारी में पिछड़ गए और लीड ने हम पर दबाव बना दिया। विराट ने कहा कि गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, हालांकि अभी भी सुधार की जरूरत है।