कप्तान जो रूट समेत इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सदस्य भारत के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले दो टेस्ट के लिए बुधवार को चेन्नई पहुंच गए। हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि भारत के कुछ खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ भी यहां पहुंच चुका है। रूट और उनकी टीम श्रीलंका से सुबह 10:30 पर यहां पहुंची और सीधे होटल चली गई, जहां दोनों टीमों के लिए बायो बबल बनाया गया है। इंग्लैंड की टीम ने श्रीलंका को टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से हराया।
भारत के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा, उपकप्तान अजिंक्य रहाणे कल रात ही यहां पहुंच गए जबकि चेतेश्वर पुजारा, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत आज सुबह पहुंचे। टीम के कोच रवि शास्त्री मुंबई से यहां पहुंचे हैं। कप्तान विराट कोहली बुधवार की शाम को पहुंचेंगे। दोनों टीमें होटल लीला पैलेस में रूकी हैं जहां बायो बबल बनाया गया है। टीमें छह दिन तक पृथकवास में रहने के बाद दो फरवरी से अभ्यास शुरू करेंगी टीमों का कोरोना टेस्ट भी होगा। पहला टेस्ट पांच फरवरी से और दूसरा 13 फरवरी से खेला जाएगा।
इंग्लैंड की टीम पिछले एक दशक में भारत में कोई टेस्ट सीरीज जीतने वाली एकमात्र विदेशी दल है। इंग्लैंड ने 2011 से अब तक 23 में से 13 टेस्ट में टीम इंडिया को हराया है। इंग्लैंड ने 2012 में टीम इंडिया को भारत में खेली गई चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से रौंदा था। उस सीरीज में भारत ने अहमदाबाद टेस्ट जीत 1-0 की बढ़त बना ली, बाद इंग्लैंड ने मुंबई-कोलकाता टेस्ट जीतकर 1-2 की बढ़त ली। नागपुर में खेला गया आखिरी टेस्ट ड्रॉ पर छूटा।