इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें संस्करण से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। 18 फरवरी को चेन्नई में खिलाड़ियों की मंडी लगेगी, इस दिन फ्रैंचाइजी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगे। आईपीएल के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दोपहर को इस बात की जानकारी दी गई। वो भारतीय खिलाड़ी जिनके पास किसी टीम का कॉन्ट्रेक्ट नहीं है, वो नीलामी में शामिल होने के लिए चार फरवरी शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवदेन दे सकते हैं।
कोरोना महामारी के बीच आईपीएल का पिछला संस्करण यूएई के खाली स्टेडियमों में सितंबर-नवंबर के खेला गया था। मीडिया रिपोर्टेस के अनुसार 14वां सीजन अपने तय कार्यक्रम अप्रैल-मई में ही आयोजित होगा, स्थान और तारीखों की घोषणा BCCI द्वारा बाद में की जाएगी। बायो बबल के बीच खेले गए पिछले टूर्नामेंट को रिकॉर्ड 20 करोड़ दर्शकों ने देखा था। रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने बाजी मारी थी।