भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मैच लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बड़ी चूक कर दी। उनके पास इंग्लैंड के बल्लेबाज मोईन अली का विकेट लेने का मौका था। लेकिन विकेट कीपर समेत किसी भारतीय ने उस दौरान अपील नहीं की। बाद में मोईन ने अपने जीवनदान का फायदा उठाते हुए 35 रन बनाए थे।
दरअसल इंग्लैंड की पारी का 60वां ओवर जसप्रीत बुमराह फेंकने आए। उस दौरान उनके आगे मोईन अली थे। बुमराह ने अपने ओवर के दौरान एक शानदार यॉर्कर गेंद डाली जो उनके जूते पर लगने के बाद लेग स्टंप पर जा रही थी। इस दौरान भारत के किसी खिलाड़ी ने अपील नहीं की।
बुमराह की इस गेंद का जब रिप्ले देखा गया तो पता चला कि गेंद सीधे स्टंप पर जाकर लगती। वहीं टीम इंडिया का अनुमान था कि गेंद पहले मोईन के बल्ले पर लगी है। जिसके चलते खिलाड़ियों ने अपील करना मुनासिब नहीं समझा। लेकिन वह अपने इस जीवनदान का ज्यादा फायदा नहीं उठा पाए और 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रवींद्र जडेजा ने आउट किया।
मोईन अली लगातार बड़े शॉट्स लगाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने रवींद्र जडेजा की एक गेंद को उछालकर खेला। गेंद सीमा रेखा की तरफ जाने के बजाय हवा में झूल गई। उधर फील्डिंग कर रहे रोहित शर्मा ने कोई गलती नहीं और आसानी से कैच लपक लिया। मोईन अली 71 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए।