इंग्लैंड ने तीसरे टी-20 में भारत को 17 रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में सात विकेट पर 215 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए डेविड मलान ने 39 गेंदों पर 77 रन और लियाम लिविंगस्टोन ने 29 गेंदों पर 42 रन की नाबाद पारी खेली।
जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 198 रन ही बना सकी। सूर्यकुमार की 117 रन की पारी बेकार गई। उनके अलावा टीम इंडिया का कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। इंग्लैंड की ओर से रीस टॉपली ने तीन विकेट झटके। वहीं, डेविड विली और क्रिस जॉर्डन ने दो-दो विकेट लिए।
भारत को जब आठ गेंदों पर 25 रन की जरूरत थी, तब सूर्यकुमार आउट हुए। भारतीय टीम को आखिरी ओवर में 21 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम तीन रन ही बना सकी। इस हार के बावजूद भारतीय टीम ने टी-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की। अब भारत और इंग्लैंड के बीच 12 जुलाई से वनडे सीरीज खेली जाएगी।
यह रोहित की कप्तानी में तीनों फॉर्मेट मिलाकर पिछले 20 मैचों में पहली हार है। रोहित की कप्तानी में भारत इससे पहले नवंबर 2019 में मैच हारा था। तब रोहित कार्यवाहक कप्तान थे। वहीं, नियमित कप्तान बनने के बाद तीनों फॉर्मेट मिलाकर रोहित पहला मैच हारे हैं। नवंबर में न्यूजीलैंड के भारत दौरे से रोहित नियमित कप्तान बने थे। तब से लेकर अब तक रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने 17 मैच खेले हैं और 16 में जीत हासिल की। इस मैच में सिर्फ टीम इंडिया हारी है।
सूर्यकुमार यादव 55 गेंदों पर 117 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और छह छक्के लगाए। भारत का स्कोर 19 ओवर के बाद सात विकेट पर 195 रन है। भारत को अब छह गेंदों पर 21 रन की जरूरत है। भारत को आठवां झटका हर्षल पटेल के रूप में लगा। वे पांच रन बना सके।
18वें ओवर में 173 के स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा। रिचर्ड ग्लीसन ने रवींद्र जडेजा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। जडेजा चार गेंदों पर सात रन बना सके। फिलहाल हर्षल पटेल और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 175 रन है। टीम इंडिया को अब 12 गेंदों पर 41 रन की जरूरत है।
सूर्यकुमार यादव ने 48 गेंदों पर अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है और 12 चौके और पांच छक्के लगा चुके हैं। सूर्यकुमार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले रोहित शर्मा (चार शतक), केएल राहुल (दो शतक), सुरेश रैना (एक शतक) और दीपक हुड्डा (एक शतक) सेंचुरी लगा चुके हैं। 17वें ओवर में भारत को पांचवां झटका भी लगा। डेविड विली ने दिनेश कार्तिक को एल्बीडब्लू आउट किया। कार्तिक छह रन बना सके। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 49 गेंदों पर 102 रन और रवींद्र जडेजा एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत का 17 ओवर में स्कोर पांच विकेट पर 167 रन है। भारत को 18 गेंदों पर 49 रन की जरूरत है।
भारत को 16वें ओवर में चौथा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 23 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रीस टॉपली ने विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया। श्रेयस ने सूर्यकुमार यादव के साथ 62 गेंदों पर 119 रन की साझेदारी निभाई। यह चौथे विकेट के लिए टी-20 में भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले केएल राहुल और एमएस धोनी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2016 में 107 रन की साझेदारी निभाई थी। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 155 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 97 रन और दिनेश कार्तिक एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
14 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 132 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 42 गेंदों पर 78 रन और श्रेयस अय्यर 20 गेंदों पर 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 55 गेंदों पर 101 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को अब 36 गेंदों पर 84 रन की जरूरत है।
13 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 38 गेंदों पर 65 रन और श्रेयस अय्यर 18 गेंदों पर 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 80 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
सूर्यकुमार यादव ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 32 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। सूर्या ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर अब तक 65 रन की साझेदारी निभा ली है। 31 पर ही भारत का तीसरा विकेट गिरा था। भारत ने 12 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 96 रन बना लिए हैं। श्रेयस 17 रन और सूर्यकुमार 52 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
10 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 82 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 26 गेंदों पर 41 रन और श्रेयस अय्यर 11 गेंदों पर 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 30 गेंदों पर 51 रन की साझेदारी हो चुकी है। इन दोनों पर दारोमदार है।
सात ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 49 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर चार रन और सूर्यकुमार यादव 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली 11-11 रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत एक रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 31 रन है। पांचवें ओवर में भारत को एक ओर झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रीस टॉपली ने फिलिप सॉल्ट के हाथों कैच कराया। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
रोहित को आउट करने के बाद रीस टॉपली
तीसरे ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा। विराट कोहली एक बार फिर फेल रहे। उन्हें डेविड विली ने जेसन रॉय के हाथों कैच कराया। विराट छह गेंदों पर 11 रन बना सके। विराट ने आउट होने से पहले लगातार एक चौका और एक छक्का लगाया था। इसके अगली गेंद पर ही वह रॉय को कैच थमा बैठे। फिलहाल रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 14 रन है।
डेविड विली
भारत को दूसरे ओवर में दो के स्कोर पर पहला झटका लगा। ऋषभ पंत कैच आउट हुए। उन्हें रीस टॉपली ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। पंत एक रन बना सके। फिलहाल रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर तीन रन बना लिए हैं।
इंग्लैंड ने भारत को 216 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश टीम ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 215 रन बनाए। यह टी-20 में भारत के खिलाफ इंग्लैंड का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 2007 में डरबन में खेले गए टी-20 में छह विकेट पर 200 रन बनाए थे।
इंग्लैंड ने इस टी-20 में 14 चौके और 13 छक्के लगाए। इंग्लिश टीम के लिए सबसे ज्यादा रन डेविड मलान ने बनाए। वह 39 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, लियाम लिविंगस्टोन ने 29 गेंदों पर 42 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में लिविंगस्टोन ने चार छक्के लगाए।
19वें ओवर में इंग्लैंड को 197 के स्कोर पर छठा झटका लगा। हर्षल पटेल न हैरी ब्रुक को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। ब्रुक नौ गेंदों पर 19 रन बना सके। अपनी पारी में ब्रुक ने तीन चौके लगाए। फिलहाल लियाम लिविंगस्टोन और क्रिस जॉर्डन क्रीज पर हैं। हर्षल का यह दूसरा विकेट था। इसी ओवर में पहली ही गेंद पर विराट कोहली ने लियाम लिविंगस्टोन का आसान कैच छोड़ा था।
17 ओवर के बाद इंग्लैंड ने पांच विकेट गंवाकर 169 रन बना लिए हैं। फिलहाल लियाम लिविंगस्टोन और हैरी ब्रुक क्रीज पर हैं। 17वें ओवर में रवि बिश्नोई ने कमाल की गेंदबाजी की और दो विकेट झटके। बिश्नोई ने पहले डेविड मलान को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। मलान 39 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बिश्नोई ने मोईन अली को हर्षल पटेल के हाथों कैच कराया। मोईन खाता भी नहीं खोल सके।
15 ओवर के बाद इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 151 रन बना लिए हैं। फिलहाल लियाम लिविंगस्टोन 13 गेंदों पर 14 रन और डेविड मलान 37 गेंदों पर 77 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मलान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सभी भारतीय गेंदबाजों की धुनाई की है। रवींद्र जडेजा काफी महंगे साबित हुए और चार ओवर में 44 रन लुटाए।
13 ओवर के बाद इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 125 रन बना लिए हैं। डेविड मलान ने टी-20 करियर का 12वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। फिलहाल डेविड मलान 33 गेंदों पर 62 रन और लियाम लिविंगस्टोन चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।
10वें ओवर में 84 के स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। हर्षल पटेल ने स्लो फुल टॉस पर फिलिप सॉल्ट को क्लीन बोल्ड किया। सॉल्ट छह गेंदों पर आठ रन बना सके। फिलहाल डेविड मलान और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं। इससे पहले आवेश खान ने जोस बटलर (18) और उमरान ने जेसन रॉय (27) को पवेलियन भेजा था। 10 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 86 रन है।
आठवें ओवर में 61 के स्कोर पर इंग्लैंड को दूसरा झटका लगा। उमरान मलिक ने ओवर की पहली ही गेंद पर जेसन रॉय को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। रॉय 26 गेंदों पर 27 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए। आठ ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 71 रन है। फिलहाल डेविड मलान 16 रन और फिलिप सॉल्ट पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।
छह ओवर के बाद इंग्लैंड ने एक विकेट गंवाकर 52 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेसन रॉय 21 गेंदों पर 23 रन और डेविड मलान सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। आवेश खान ने जोस बटलर को बोल्ड किया। बटलर नौ गेंदों पर 18 रन बना सके।
इंग्लैंड को चौथे ओवर में 31 के स्कोर पर पहला झटका लगा। आवेश खान ने कप्तान जोस बटलर को बोल्ड किया। गेंद बटलर के बल्ले से लगकर विकेट पर जा लगी। फिलहाल डेविड मलान और जेसन रॉय क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 32 रन हैं। इससे पहले तेज गेंदबाद उमरान मलिक ने अपने पहले ओवर में 17 रन लुटाए थे। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें बॉलिंग अटैक से बाहर कर दिया।
इंग्लैंड के ओपनर्स जेसन रॉय और जोस बटलर क्रीज पर हैं। इन दोनों के लिए राहत की बात यह है कि भुवनेश्वर कुमार यह मैच नहीं खेल रहे हैं। पिछले मैच में दोनों को भुवनेश्वर ने स्विंग से काफी परेशान किया था और आउट किया था। एक ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर बिना विकेट गंवाए दो रन है।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, रवींद्र जडेजा, हर्षल पटेल, आवेश खान, उमरान मलिक, रवि बिश्नोई।
इंग्लैंड: जेसन रॉय, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), डेविड मलान, फिलिप सॉल्ट, लियाम लिविंगस्टोन, हैरी ब्रुक, मोईन अली, डेविड विली, क्रिस जॉर्डन, रीस टॉपली, रिचर्ड ग्लीसन।
उमरान मलिक
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। रीस टॉपली और फिलिप सॉल्ट को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टीम में चार बदलाव किए हैं। रवि बिश्नोई, उमरान मलिक, आवेश खान और श्रेयस अय्यर को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को आराम दिया गया है।
भारतीय टीम इंग्लैंड का क्लीन स्वीप करने उतरेगी। इसके बाद वनडे सीरीज भी खेली जानी है। ऐसे में टीम इंडिया जीत के साथ वनडे में उतरना चाहेगी। विराट कोहली का फॉर्म चिंता का विषय है और वह इस मैच में मैदान पर कुछ वक्त बिताना चाहेंगे।
तीसरे टी-20 में भारतीय कप्तान तीन खिलाड़ियों को आराम दे सकते हैं। इसमें जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल और हार्दिक पांड्या शामिल हैं। इन तीनों ने सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। हार्दिक पांड्या भी वापसी के बाद से बेहतरीन लय में दिखे हैं और उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज भी खेलनी है। ऐसे में हार्दिक को भी आराम दिया जा सकता है।
युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक को इस सीरीज में अब तक मौका नहीं मिला है। बुमराह की जगह उमरान को मौका मिल सकता है। और इस मैच में भी उन्हें मौका मिलने की संभावना कम है। चहल की जगह रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया जा सकता है।
सीरीज के पहले मैच में भारत ने 50 रन से शानदार जीत दर्ज की थी। हार्दिक ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल किया था। बाकी बल्लेबाजों ने भी आक्रामक बल्लेबाजी कर भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाया था। गेंदबाजी में भुवनेश्वर ने भी शानदार प्रदर्शन किया था। दूसरे मैच में जडेजा ने अच्छा स्कोर कर टीम का स्कोर 170 तक पहुंचाया और फिर भुवनेश्वर की अगुआई में सभी तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी-20 आज नॉटिंघम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारत आज इंग्लैंड का क्लीन स्वीप करना चाहेगा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आज प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव कर सकते हैं।