जसप्रीत बुमराह ऩॉटिंघम में अपने सर्वश्रेष्ठ टेस्ट मैचों में एक मुकाबला खेल रहे हैं। इस टेस्ट में जसप्रीत बुमराह ने अब तक शानदा प्रदर्शन किया है। पहले उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 46 रन देकर मेजबान टीम के 4 विकेट आउट किए। उनकी खतरनाक गेंदबाजी के चलते इंग्लैंड की टीम महज 183 रनों पर ढेर हो गई। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी में करतब दिखाते हुए 34 गेंदों पर 28 रन जड़ दिए। इस तरह भारत अपनी पहली पारी में 278 रन बनाने में सफल रहा। इंडिया को इंग्लैंड की पहली पारी के आधार पर 95 रनों की बढ़त मिली।
इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की उसे देख हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। उनकी बल्लेबाजी के मुरीद सचिन तेंदुलकर भी हुए। उन्होंने टेस्ट मैच में भारत की मजबूत पकड़ पर खुशी जाहिर की और बुमराह की पारी को खास बताया।
बुमराह ने 28 रनों की पारी के दौरान तीन चौके और एक छक्का लगाया। लेकिन तेंदुलकर जिस शॉट की बात कर रहे हैं यह कोई नहीं जानता। लेकिन यह सैम करन की गेंद पर बुमराह द्वारा लगाया छक्का हो सकता है। भारतीय पारी के 82वें ओवर में बुमराह ने इंग्लैंड के बाएं हाथ के गेंदबाज सैम करन की गेंद पर दो चौके और छक्का लगाया था।
इस ओवर में पहली गेंद बुमराह के पैड पर थी जिस पर उन्होंने मिड विकेट की तरफ चौका लगाया। दूसरी बैक ऑफ लेंथ जिसे बुमराह ने पुल करते हुए डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का जड़ा। इसके बाद अगली गेंद पर उन्होंने फिर स्लिप के क्षेत्र में चौका लगाया।
यह बुमराह का टेस्ट क्रिकेट में अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में यह पहली बार करिश्मा नहीं किया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिंक बॉल अभ्यास मैच में उन्होंने सि़डनी क्रिकेट ग्राउंड पर अर्धशतकीय पारी खेली थी।