भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। टीम इंडिया द्वारा दिए गए 399 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट गंवाकर 67 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड को अब भी जीत के लिए 332 रन की जरूरत है, जबकि भारत को नौ विकेट चाहिए। भारतीय जमीन पर अब तक इतना बड़ा लक्ष्य कभी चेज नहीं हुआ है। अगर इंग्लिश टीम यह कमाल दिखाती है तो वह 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देगी।
भारत में यह है रिकॉर्ड
भारत में सिर्फ एक बार 300+ रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया गया है। ऐसा सिर्फ भारतीय टीम ने किया है। उसने 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में 387 रन का लक्ष्य हासिल किया था। इसके अलावा कभी भी कोई टीम भारतीय जमीन पर 300 के ऊपर का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी है। भारतीय जमीन पर 250+ रन का लक्ष्य जरूर पांच बार चेज हुआ है, जिसमें से भारतीय टीम ने चार बार ऐसा किया है और एक बार वेस्टइंडीज की टीम ने कमाल किया था। उसने 1987 में भारत के खिलाफ 250+ रन का लक्ष्य हासिल किया था।
इंग्लैंड का सबसे सफल चेज भारत के खिलाफ
भारत बनाम इंग्लैंड
- फोटो : बीसीसीआई
इंग्लैंड ने चौथी पारी में सबसे बड़ा लक्ष्य 378 रन का सफलतापूर्वक हासिल किया है। ऐसा उन्होंने भारत के खिलाफ ही 2022 में बर्मिंघम में किया था। टीम ने बैजबॉल की रणनीति से कई टीमों को चकित किया है। ऐसे में भारतीय टीम और उसके गेंदबाजों को सूझबूझ से गेंदबाजी करनी होगी। मैकुलम के कोच बनते और बैजबॉल के आने के बाद इंग्लैंड की टीम ने तीन बार 290+ रन का लक्ष्य हासिल किया है। भारत के अलावा उन्होंने न्यूजीलैंड को दो बार हराया है। एक बार इंग्लिश टीम ने 299 रन और दूसरी बार 296 रन का लक्ष्य हासिल किया था। इंग्लैंड ने चौथी पारी में तीन बार 390+ रन बनाए हैं। हालांकि, एक मैच ड्रॉ रहा था, जबकि दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
तीन बार इंग्लैंड ने चौथी पारी में 390+ रन बनाए
इंग्लैंड ने 1939 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डरबन में चौथी पारी में पांच विकेट पर 654 रन बनाए थे, लेकिन उन्हें 696 रन का लक्ष्य मिला था और यह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। यह चौथी पारी का उच्चतम स्कोर भी है। इसके अलावा इंग्लैंड ने 1977 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथी पारी में 417 रन बनाए थे, लेकिन लक्ष्य 463 रन का था और यह मैच इंग्लिश टीम हार गई थी। वहीं, 1924 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही सिडनी में इंग्लैंड ने चौथी पारी में 411 रन बनाए थे, लेकिन लक्ष्य 605 रन का था और इंग्लिश टीम यह मुकाबला भी हार गई थी।
इंग्लैंड बना देगा यह रिकॉर्ड
बेन स्टोक्स
- फोटो : ECB
इंग्लैंड की टीम अगर इस मैच में लक्ष्य हासिल करने में कामयाब होती है तो वह एक और रिकॉर्ड बना देंगे। भारत 2012 के बाद कभी अपने घर में लगातार दो टेस्ट नहीं हारा है। इंग्लैंड ने ही पिछली बार ऐसा किया था। उसने 2012 में सर एलिस्टेयर कुक की कप्तानी में भारतीय टीम को लगातार दो टेस्ट में हराया था और सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया था। इंग्लिश टीम भारत को उसके घर में टेस्ट सीरीज में हराने वाली आखिरी टीम भी है।
मैच में अब तक क्या हुआ?
दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में 396 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 253 रन पर समाप्त हो गई थी। टीम इंडिया को 143 रन की बढ़त मिली थी। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 255 रन बनाए और कुल 398 रन की हो गई और 399 रन का लक्ष्य दिया। भारत के लिए पहली पारी में जहां यशस्वी जायसवाल ने दोहरा शतक जड़ा था, वहीं दूसरी पारी में शुभमन गिल ने शानदार शतक लगाया। जवाब में इंग्लैंड ने एक विकेट पर 67 रन बना लिए हैं।