फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूसरे वनडे में भी बारिश डाल सकती है खलल

Tue, 26 Aug 2014 05:15 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच बुधवार को कार्डिफ में खेला जाएगा। एक तरह से इस मैच से सीरीज की शुरुआत होगी, क्योंकि पहला मैच बारिश के कारण धुल गया था। पहला मैच ब्रिस्टल में खेला जाना था लेकिन लगातार बारिश ने एक भी गेंद फेंके बगैर ही मैच रद करवा दिया। इस मैच में टॉस भी नहीं कराया जा सका था।
विज्ञापन


महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया का लक्ष्य इस मैच में जीत से शुरुआत करने पर होगा। कोच डंकन फ्लेचर को 'बॉस' कहे जाने के बाद विवादों में आए कप्तान धोनी चाहेंगे कि इस विवाद से इतर टीम इस मैच से शानदार शुरुआत करें।

टेस्ट सीरीज में बढ़त लेने के बाद 1-3 से सीरीज गंवाने वाली वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया के पास वनडे क्रिकेट में अपनी साख बचाने का खासा दबाव है।

इस मैच में भी बारिश के आसार

हालांकि इस समय इंग्लैंड में लगातार बारिश हो रही है। ब्रिस्टल में मैच रद होने के बाद कार्डिफ में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। बावजूद इसके टीम इंडिया के खिलाड़ी वनडे क्रिकेट में खुद को ढालने में जुटे हुए हैं।

वनडे सीरीज में भारतीय बल्‍लेबाज जोरदार आक्रमण की तैयारी में हैं। बल्‍लेबाज अभ्यास सत्र में बड़े शॉट लगाने की प्रैक्टिस रहे हैं क्योंकि वे टेस्ट क्रिकेट की माइंडसेट से उबरना चाहते हैं।

धोनी के साथ रोहित शर्मा और स्टुअर्ट बिन्‍नी बड़े शॉट खेलने पर ध्यान लगा रहे हैं। सीमित ओवरों के मुकाबले के विशेषज्ञ बल्‍लेबाज सुरेश रैना भी अपने बल्‍ले को धार देने पर जुटे हुए हैं। धोनी ने पहले वनडे से पहले किसे टीम में शामिल किया जाएगा इसका हिंट नहीं दिया था लेकिन उन्होंने अपनी प्रेस कांफ्रेंस में रोहित शर्मा का जिक्र जरूर किया था। रविवार को रोहित ने नेट पर काफी अभ्यास किया था, जबकि शिखर धवन ने रवि शास्‍त्री के साथ लंबा वक्त बिताया था और काफी बातचीत भी की।

ब्रिस्टल की तरह कार्डिफ भी भारत के लिए 'लकी'

ब्रिस्टल की तरह ही कार्डिफ का सोफिया गार्डंस स्टेडियम भी टीम इंडिया के लिए काफी भाग्यशाली रहा है। भारत ने इस मैदान पर कुल 3 मैच खेले हैं और 2 जीते, जबकि एक हारा है। हालांकि मेजबान इंग्लैंड से भारत ने यहां 2011 में एकमात्र मुकाबला खेला है और उसमें उसे 6 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस लिहाज से भारतीय टीम न सिर्फ सीरीज में बल्कि इंग्लैंड के खिलाफ इस मैदान पर भी जीत का आगाज करना चाहेगा।

टीम इंडिया के लिए इस दौरे पर इंग्लैंड की टीम के अलावा विवाद भी एक चुनौती बने हुए हैं। टेस्ट सीरीज में जेम्स एंडरसन और रवींद्र जडेजा के विवाद ने भारतीय टीम के मनोबल पर कितना असर डाला था यह जगजाहिर है। अब कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का कोच डंकन फ्लेचर का बचाव करते हुए उन्हें टीम का बॉस कहने से नया विवाद खड़ा हो गया है।

धोनी के इस बयान पर बीसीसीआई ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस विवाद का असर भारतीय टीम के मनोबल पर क्या असर डालेगा, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। फिलहाल भारतीय टीम का लक्ष्य सभी विवादों को दरकिनार करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में जीत पर होगा।
विज्ञापन

भारतीय आक्रमण से सावधान है इंग्लैंड

दूसरी ओर, इंग्लैंड भी पूरी तैयारी के साथ वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को टक्कर देने के लिए तैयार है। मेजबान जानते हैं कि भारत को भले ही टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन वह वनडे की बेहद खतरनाक टीम है। इंग्लैंड किसी भी हाल में धोनी एंड कंपनी को हल्के में लेने की कोशिश नहीं करेगा।

मेजबान इंग्लैंड को अपने ओपनर और कप्तान एलिस्टर कुक से बड़ी उम्मीदें होंगी। वह अब फॉर्म में भी लौट आए हैं। उनके अलावा गैरी बैलेंस, जोस बटलर, एलेक्स हेल्स, इयोन मोर्गन और जोई रुट जैसे बल्‍लेबाजों से भी मेजबान टीम को काफी आस होगी।

जबकि गेंदबाजी में इंग्लैंड एक बार फिर तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के अलावा फिरकी गेंदबाज मोइन अली, बेन स्टोक्स और जेम्स ट्रेडवेल से उम्मीद करेगा कि वे भारतीय बल्‍लेबाजों पर रन बनाने का ज्यादा मौका न दें। मोइन अली वही फिरकी गेंदबाज हैं जिन्होंने अंतिम टेस्ट सीरीज के अंतिम 2 मैचों में टीम इंडिया के बल्‍लेबाजों को खूब नचाया और टीम को 3 दिन में ही हारने को मजबूर कर दिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें