टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत निराशाजनक रही। दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर भारत को कप्तान रोहित शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा। वह केवल दो रन बनाकर पवेलियन चौटे गए। शफीउल इस्लाम ने उन्हें बोल्ड कर अपना शिकार बनाया। रोहित के बाद भारत को दूसरा झटका सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के रूप में लगा। शफीउल इस्लाम ने धवन को महमूदुल्लाह रियाद के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। धवन चार चौके की मदद से 19 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए धवन और केएल राहुल के बीच 32 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद केएल राहुल ने अय्यर के साथ मिलकर पारी को संभाला और स्कोर को 100 के करीब पहुंचाया। मगर 12.1 ओवर में अल अमीन हुसैन ने केएल राहुल को लिटन दास के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा। उन्होंने 35 गेंदों में सात चौके की मदद से 52 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 148.57 का था। तीसरे विकेट के लिए राहुल और अय्यर के बीच 59 रनों की साझेदारी हुई।
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर से फेल हो गए। उनका लगातार खराब प्रदर्शन जारी है। पहले टी-20 मैच में 27 रन बनाने वाले पंत आज के मैच में केवल छह रन बनाकर आउट हो गए।पंत को सौम्य सरकार ने (16.1 ओवर में) क्लीन बोल्ड कर दिया। बता दें कि राजकोट में खेले गए दूसरे टी-20 में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था।
पंत के बाद श्रेयस अय्यर के रूप में भारत को पांचवां झटका लगा। सौम्य सरकार ने उन्हें इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर लिटन दास के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। अय्यर ने 33 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के की मदद से 62 रन की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेली। बांग्लादेश की तरफ से सौम्य सरकार और सफीउल इस्लाम ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अल अमीन हुसैन को एक विकेट से ही संतोष करना पड़ा।
इससे पहले इस मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान महमूदुल्लाह रियाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दोनों टीमों में एक-एक बदलाव किया गया है। तीसरे और आखिरी मुकाबले में कप्तान रोहित ने क्रुणाल पांड्या की जगह मनीष पांडे को मौका दिया है। वहीं, बांग्लादेश ने अपनी टीम में बदलाव करते हुए मोसादेक हुसैन की जगह मोहम्मद मिथुन को शामिल किया है।
राजकोट में खेले गए दूसरे टी-20 में चहल की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को छह विकेट पर 153 रन पर रोक दिया था। वहीं, दिल्ली में खेले गए पहले मुकाबले में टीम इंडिया को साल विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था।
टीमें इस प्रकार हैंः
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, खलील अहमद, युजवेंद्र चहल।
बांग्लादेश: लिटन दास, सौम्य सरकार, नईम शेख, मुशफिकुर रहीम, महमूदुल्लाह रियाद (कप्तान), मोहम्मद मिथुन, आफिफ हुसैन, शफीउल इस्लाम, अल अमीन, मुस्ताफिजूर रहमान ,अमीनुल इस्लाम।