ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 1-2 से पिछड़ रही भारतीय टीम के सामने सिडनी में तीन जनवरी से होने वाले अंतिम टेस्ट के लिए सही संयोजन चुनने की चुनौती है। भारत ने चौथे टेस्ट में शुभमन गिल को प्लेइंग-11 से बाहर रखा था, लेकिन जिस तरह टीम की बल्लेबाजी रही थी उससे लगा रहा है कि टीम प्रबंधन पांचवें टेस्ट में छह बल्लेबाजों के साथ उतर सकता है।
छह बल्लेबाजों के साथ उतर सकता है भारत
चौथे टेस्ट के बाद कप्तान रोहित शर्मा की काफी आलोचना हुई थी क्योंकि उन्होंने खुद को शीर्ष क्रम पर लाने के लिए गिल को प्लेइंग-11 से बाहर रखा था। भारत को अगर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा बनाए रखने के साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल की दौड़ में बने रहना है तो रोहित को टीम के सर्वोत्तम हित में कुछ विकल्प में से सर्वश्रेष्ठ को चुनना होगा। भारतीय कप्तान को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर अपने छह सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों को उतारना पड़ सकता है जिससे मेलबर्न में पिछले मैच में बाहर किए गए शुभमन गिल को प्लेइंग-11 में शामिल करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
2024 में जमकर चला गिल का बल्ला
वर्ष 2024 में टेस्ट क्रिकेट में 866 रन के साथ गिल पिछले एक साल में भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में यशस्वी जायसवाल के बाद दूसरे स्थान पर हैं और अगर वह मेलबर्न में प्लेइंग-11 से बाहर किए जाने से निराश होंगे तो इसमें कुछ गलत नहीं है। हालांकि रोहित ने बताया कि टीम प्रबंधन ने गिल को मेलबर्न में बाहर किए जाने के कारणों के बारे में जानकारी दी थी। पांच पारियों में सिर्फ 31 रन और पिछली 14 पारियों में 155 रन बनाने वाले कप्तान खुद स्वेच्छा से हट सकते हैं और युवा स्टार गिल को खेलने का मौका दे सकते हैं। ऐसे में केएल राहुल को दोबारा पारी का आगाज करने का मौका मिल सकता है जहां वह सबसे अधिक आश्वस्त दिख रहे हैं।
प्लेइंग-11 में बेहतर संतुलन सुनिश्चित करने के लिए उन्हें बाहर किया गया था क्योंकि वॉशिंगटन सुंदर की गेंदबाजी से अतिरिक्त फायदा मिलने की उम्मीद थी। वॉशिंगटन ने 50 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की और शतकवीर नीतीश कुमार रेड्डी के साथ शतकीय साझेदारी भी की। अगर उनकी गेंदबाजी में अधिक पैनापन होता तो वह निश्चित रूप से अधिक ओवर फेंकते।
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पारंपरिक रूप से एक ऐसा विकेट रहा है जहां मैच के आगे बढ़ने के साथ स्पिनरों को मदद मिलती है और इसलिए वॉशिंगटन या तनुश कोटियान में से किसी एक का रवींद्र जडेजा के साथ खेलना लगभग तय है। दूसरा विकल्प अधिक सुविधाजनक हो सकता है और इसमें मोहम्मद सिराज और आकाश दीप में से किसी एक को बाहर करके गिल को जगह देना शामिल है क्योंकि सिडनी में तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के बिना उतरा जा सकता है। जडेजा और वॉशिंगटन के सिडनी में मेलबर्न की तुलना में अधिक ओवर गेंदबाजी करने की उम्मीद है।