फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND-SA Analysis: ओपनिंग फिर फेल, रोहित-सूर्या ने वनडे विश्व कप फाइनल जैसी गलती दोहराई, तोहफे में गंवाए विकेट

Sat, 29 Jun 2024 09:53 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बारबाडोस

सार

भारतीय पारी के दूसरे ओवर में केशव महाराज ने पहले रोहित शर्मा और फिर ऋषभ पंत को पवेलियन भेजकर भारतीय टीम के शीर्षक्रम को झकझोर कर रख दिया। टीम इंडिया दूसरे ओवर में मिले इन दो झटकों से संभली नहीं थी कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाजों में शुमार सूर्यकुमार यादव भी पवेलियन लौट गए।
विज्ञापन
टी20 विश्व कप 2024 - फोटो : ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। फैंस यह उम्मीद जताए बैठे थे कि टीम इंडिया वनडे विश्व कप 2023 फाइनल की गलती नहीं दोहराएंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में भी भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी की थी। हालांकि, तब से इस बार की ओपनिंग जोड़ी अलग थी। विराट कोहली और रोहित शर्मा जब ओपनिंग के लिए आए तो स्टेडियम में मौजूद फैंस ने उनकी हौसलाअफजाई की। विराट ने मार्को यानसेन के पहले ओवर में तीन चौके लगाकर दुनियाभर में अपने फैंस को खुश कर दिया।
विज्ञापन

हालांकि, यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिकी और पारी के दूसरे ओवर में केशव महाराज ने पहले रोहित शर्मा और फिर ऋषभ पंत को पवेलियन भेजकर भारतीय टीम के शीर्षक्रम को झकझोर कर रख दिया। टीम इंडिया दूसरे ओवर में मिले इन दो झटकों से संभली नहीं थी कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाजों में शुमार सूर्यकुमार यादव भी पवेलियन लौट गए। पारी के पांचवें ओवर में कगिसो रबाडा ने उन्हें कैच आउट कराया। कुछ इसी तरह का हाल टीम इंडिया का वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रहा था। ऐसा नहीं था कि दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने अच्छी गेंदों पर भारत के विकेट लिए, बल्कि भारतीय बल्लेबाजों ने अपने विकेट तोहफे के रूप में दिए। बड़े शॉट लगाने के चक्कर में रोहित, पंत और सूर्या तीनों ने अपने विकेट गंवाए। 

वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में भी रोहित दो बाउंड्री लगाने के बाद ही आउट हुए थे। तब भारतीय पारी का 10वां ओवर था और मैक्सवेल गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की दूसरी गेंद पर मैक्सवेल ने छक्का लगाया था, जबकि तीसरी गेंद पर चौका लगाया था। इसके बाद अगली ही गेंद पर मैक्सवेल ने रोहित को हेड के हाथों कैच कराया था। टी20 विश्व कप 2024 के भी फाइनल में रोहित ने वही गलती दोहराई। महाराज की शुरुआती दो गेंदों पर उन्होंने दो चौके लगाए और बाउंड्री अर्जित की, लेकिन चौथी गेंद पर फिर चौका लगाने के प्रयास में क्लासेन को कैच थमा बैठे।

2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में भी शुभमन गिल, रोहित और श्रेयस तीनों ने बड़े शॉट के चक्कर में अपने विकेट तोहफे के रूप में ऑस्ट्रेलिया को दिए थे और फिर सारी जिम्मेदारी विराट (54) पर आ गई थी। टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में भी ऐसा ही हुआ और पूरे टूर्नामेंट में आउट ऑफ फॉर्म में रहे कोहली पर सारी जिम्मेदारी आ गई। रोहित पांच गेंद में नौ रन और सूर्यकुमार यादव तीन रन बनाकर आउट हुए। वहीं, तीसरे नंबर पर ऋषभ पंत को भेजने का दांव भी इस विश्व कप में मिलाजुला ही रहा। उन्होंने आठ पारियों में 171 रन बनाए। फाइनल में जब उन्हें खुद को साबित करना था तो वह खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। इस विश्व कप में नंबर तीन पर खेलते हुए उन्होंने एक भी अर्धशतक नहीं लगाया। 
विज्ञापन

वहीं, आईसीसी रैंकिंग में नंबर दो टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव वनडे विश्व कप 2023 की तरह अपने लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में फ्लॉप रहे। 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मुकाबले में सूर्या ने 28 गेंद में 18 रन बनाए थे। तब उनसे रन गति बढ़ाने और भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन वह पवेलियन लौट गए थे। यहां भी एक ओवर में रोहित-पंत को गंवाने के बाद सूर्या से संभलकर खेलने और भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन यहां भी वह भारतीय फैंस को धोखा देकर पवेलियन चलते बने। उन्होंने चार गेंद में तीन रन की पारी खेली। इन तीन विकेट से नतीजा यह हुआ कि भारतीय टीम का रन रेट धीमा पड़ गया और पावरप्ले खत्म होने पर टीम इंडिया तीन विकेट गंवाकर 45 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका के फील्डर्स ने भी शानदार खेल दिखाया और रोहित-पंत और सूर्या के बेहतरीन कैच लपके। अब तक दक्षिण अफ्रीका की फील्डिंग शानदार रही। हालांकि, विराट और अक्षर की बेहतरीन पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 176 रन बनाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें