आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को दूसरे ट्वंटी-20 मुकाबले में छह विकेट से हराकर दो ट्वंटी-20 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। भारत को खराब गेंदबाजी, और फील्डिंग का खामियाजा भुगतना पड़ा। 178 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन की दरकार थी।
ऐसे में कप्तान इयोन मोर्गन ने मीडियम पेसर अशोक डिंडा की गेंद पर स्टेट छक्का जड़कर इंग्लैंड को शानदार जीत दिला दी। मोर्गन 26 गेंद में पांच चौके और दो छक्कों के साथ 49 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि ओपनर माइकल लंब और एलेक्स हेल्स ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवर में 80 रन जोड़कर जीत की नींव रख दी थी।
लंब ने 34 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों के साथ 50 रन बनाकर टी-20 कैरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली जबकि हेल्स ने 33 गेंद में चार चौकों और एक छक्के के साथ 42 रन बनाए। भारत की ओर से युवराज सिंह ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटककर कैरियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। फील्डिंग में परविंदर अवाना ने हेल्स का जबकि पीयूष चावला ने समित पटेल का कैच छोड़ा। कप्तान धोनी ने मोर्गन को रन आउट करने का मौका गंवा दिया। इससे पहले, भारतीय टीम ने आठ विकेट पर 177 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया था।