अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के हांगकांग के खिलाफ होने वाले ग्रुप मैच को वन-डे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का दर्जा प्रदान किया है। हांगकांग अभी आईसीसी का एसोसिएट सदस्य है और उसे एकदिवसीय टीम का दर्जा नहीं मिला है, लेकिन उसने नेपाल को हराया है जिसे हाल ही में वन-डे का दर्जा प्रदान किया गया है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि हमारे आग्रह पर आईसीसी बोर्ड ने फैसले को मंजूरी दे दी है। महिलाओं के एशिया कप टी-20 में भारत और थाईलैंड के बीच हुआ मैच अधिकृत मुकाबला नहीं था, लेकिन इस बार एशियाई क्रिकेट परिषद और बीसीसीआई ने इस बाबत आग्रह किया था कि ग्रुप दौर में हांगकांग के दो मैचों को वन-डे का दर्जा दिया जाए जिसे मंजूर कर लिया गया। हांगकांग का पाकिस्तान से मुकाबला 16 सितंबर को जबकि भारत से मुकाबला 18 सितंबर को होगा।