भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया नहीं रवाना होंगे। भारतीय टीम रविवार और सोमवार को दो जत्थों में इस दौरे के लिए रवाना होगी। पहला जत्था रविवार को ऑस्ट्रेलिया के रवाना हो गया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कप्तान रोहित फिलहाल इस दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया नहीं जाएंगे जिससे उनके पहले मैच में खेलने पर संशय बना हुआ है।
इंडिया टूडे की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण भारत में ही रहेंगे। एक सूत्र ने इस रिपोर्ट के हवाले से कहा, रोहित टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं जाएंगे। पहले ऐसा माना जा रहा था कि वह यात्रा कर सकते हैं।
भारत के लिए अहम है दौरा
रोहित के टीम के साथ नहीं जाने से उनके पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट को लेकर संशय पैदा हो गया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जानी है। भारतीय टीम की नजरें ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज की जीत की हैट्रिक लगाने पर टिकी हुई हैं। भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरा काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि अगर उसे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचना है तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4-0 की जीत दर्ज करनी होगी।
भारत को न्यूजीलैंड से मिली थी करारी हार
न्यूजीलैंड ने भारत को हाल ही में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में एकतरफा अंदाज में हराया था। न्यूजीलैंड पहली ऐसी टीम बनी थी जिसने भारत को उसी के जमीन पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले दिसंबर 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद से घर पर लगातार 18 टेस्ट सीरीज जीती थी, लेकिन न्यूजीलैंड ने उसका यह अभियान रोक दिया था। मुख्य कोच गौतम गंभीर सहित कुछ सीनियर खिलाड़ियों को इस हार के बाद निशाने पर लिया गया था।
बीसीसीआई ने की थी समीक्षा बैठक
हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हार को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में गंभीर, कप्तान रोहित और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर शामिल हुए थे। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने भारतीय टीम प्रबंधन के थिंक टैंक के साथ छह घंटे तक बैठक की थी।