शिखर धवन की कप्तानी में भारतीय टीम ने तीन दिवसीय गैर आधिकारिक मैच में मेहमान टीम बांग्लादेश-ए को एक पारी और 32 रन से करारी शिकस्त दे डाली। इससे पहले बांग्लादेश टीम रणजी चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ भी पारी के अंतर से मैच हार गई थी। मेहमान टीम की भारत दौरे पर यह लगातार दूसरी हार है।
बंगलुरू में खेले गए मैच के हीरो भारतीय कप्तान शिखर धवन (150) और गेंदबाज जयंत यादव संयुक्त रूप से रहे। जयंत ने दोनों पारियों में कुल 7 विकेट झटके, जबकि धवन ने पहली पारी में फिटनेस हासिल करते हुए 150 रनो की पारी खेली।
यह मैच शुरू से ही भारतीय टीम के पक्ष में दिखा। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना टीम के हित में रहा और पहली पारी में बांग्लादेश को 228 रनों पर ढेर कर दिया।
जवाब में कप्तान धवन के बल्ले ने पहले ही दिन जमकर आग उगला। और फिटनेस हासिल करते हुए उन्होंने शानदार शतक पूरा कर लिया। पहले विकेट के लिए उन्होंने दूसरे सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद के साथ 153 रन जोड़े।