दरअसल, टेस्ट मैच के दौरान चार्ली डीन की गेंद को पॉइंट में धकेल कर हरमनप्रीत ने एक रन लेने की कोशिश की। हालांकि, फिर कुछ सोच कर वह वापस लौट आईं। उन्हें लगा कि रन संभव नहीं है। इंग्लैंड की फील्डर डैनिएल वायट ने हरमनप्रीत के छोर पर विकेट पर डायरेक्ट हिट किया। इंग्लिश टीम ने अपील की तो फील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर को रेफर किया। शुरू में तो लगा कि भारतीय कप्तान सुरक्षित हैं। वह खुद भी आत्मविश्वास में लग रही थीं। हालांकि, जब रीप्ले दिखा तो कहानी ही बदल गई। वह क्रीज तक तो पहुंच गई थीं, लेकिन बैट लाइन के अंदर रखने की बजाय वह बाहर ही रह गई थीं। उन्हें लगा कि उनका बल्ला क्रीज लाइन के अंदर है। अंपायर ने रन आउट करार दिया। हरमन ने 81 गेंद में छह चौके की मदद से 49 रन की पारी खेली। उनके आउट होते ही उनके और यास्तिका भाटिया के बीच 116 रन की साझेदारी भी टूट गई।
इससे पहले इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी हरमनप्रीत कुछ इसी तरह आउट हुई थीं। दरअसल उस मैच में भारत की खराब फील्डिंग ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट पर 172 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में मदद की। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत एक समय पर 28 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाकर संघर्ष कर रहा था, लेकिन हरमनप्रीत कौर (34 रन पर 52 रन) और जेमिमा रोड्रिग्स (24 रन पर 43 रन) ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर भारत को मैच में वापस ला दिया। जेमिमा और हरमनप्रीत के बीच 41 गेंदों पर 69 रन की साझेदारी हुई।
भारत को आखिरी 30 गेंदों में 39 रनों की जरूरत थी और पांच विकेट हाथ में थे। ऐसे में भारत के लिए जीत आसान लग रही थी। हालांकि, हमेशा की तरह टीम इंडिया अहम मौके पर मैच खत्म नहीं कर पाई और पांच रन से हार गई। भारतीय टीम आठ विकेट पर 167 रन ही बना पाई। भारतीय पारी के 15वें ओवर में दूसरे रन के लिए वापस आते समय हरमनप्रीत का बल्ला जमीन में फंस गया और एलिसा हीली ने तेजी से गिल्लियां बिखेरकर उन्हें रन आउट कर दिया। हरमनप्रीत का रन आउट होना मैच का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट रहा। मैच की लय के खिलाफ हरमन के रन आउट होने के बाद भारतीय निचला-मध्य क्रम दबाव में आ गया और अंत में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
स्मृति मंधाना 12 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें बेल ने बोल्ड किया। इसके बाद भारत को 47 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शैफाली वर्मा को केट क्रॉस ने बोल्ड किया। वह 30 गेंद में 19 रन बना सकीं। भारत ने 47 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद डेब्यू करने वालीं शुभा सतीश और जेमिमा रॉड्रिग्स ने तीसरे विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी निभाई।
शुभा 69 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, जेमिमा 68 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने यास्तिका भाटिया के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी निभाई। हरमन अर्धशतक से चूक गईं। वह 81 गेंद में 49 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। वहीं, यास्तिका 66 रन बनाकर आउट हुईं। स्नेह राणा 30 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।