जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने दूसरे ही अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले में शतक जड़ने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपने मेंटर और पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह को वीडियो कॉल किया। अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 47 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली थी जिसके दम पर भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में बराबरी हासिल करने में सफल रही थी। अभिषेक के परिवार ने भी उनकी सफलता का जश्न मनाया और वीडियो कॉल पर उन्हें बधाई दी।
अभिषेक ने अपने मेंटर युवराज को भी वीडियो कॉल किया। युवराज ने अभिषेक की इस पारी की सराहना की। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मैच के बाद एक वीडियो शेयर किया जिसमे अभिषेक ने बताया कि उन्होंने इस मैच के लिए कप्तान और उनके ओपनिंग पार्टनर शुभमन गिल के बल्ले का इस्तेमाल किया था। अभिषेक ने कहा कि उन्हें पता था कि ये उनका दिन है और उन्होंने इस अवसर का फायदा उठाया। अभिषेक को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया था।
'अभिषेक के साथ वीडियो कॉल के दौरान युवराज ने कहा, बहुत खुब, काफी गर्व हो रहा है। आगे और भी अच्छी पारियां आएंगी, यह बस महज शुरुआत है।' मालूम हो कि कई बार अभिषेक अपने करियर के लिए युवराज को श्रेय दे चुके हैं। बीसीसीआई के साथ विशेष बातचीत के दौरान भी उन्होंने युवराज के प्रति आभार व्यक्त किया। अभिषेक ने कहा, पहले मैच के बाद मैंने युवी पाजी को कॉल किया, पता नहीं क्यों। लेकिन वह काफी खुश थे। उन्होंने कहा था अच्छी शुरुआत है। मुझे लगता है कि वह दूसरे मैच के बाद गर्व महसूस कर रहे होंगे, जैसे मेरे परिवार वाले कर रहे हैं। ऐसा सिर्फ उनकी वजह से हो रहा है। उन्होंने मेरे लिए काफी मेहनत की है, ना सिर्फ क्रिकेट में बल्कि मैदान के बाहर भी। यह बड़ा पल है।
अभिषेक शर्मा की रिकॉर्ड पारी
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मैच से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दूसरे टी20 में दमदार बल्लेबाजी की। अभिषेक ने 47 गेंदों पर सात चौकों और आठ छक्के की मदद से 100 रन बनाए। उन्होंने इसके साथ ही अपने नाम कई रिकॉर्ड दर्ज कर लिए थे। यह भारत के लिए अभिषेक का पहला शतक है। अभिषेक शनिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट हुए थे। इसके साथ ही अभिषेक जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं, जबकि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।