भारत और जिम्बाब्वे के बीच रविवार को खेले गए दूसरे टी20 मैच में अभिषेक शर्मा ने दमदार प्रदर्शन किया और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सलामी बल्लेबाज ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के दूसरे मैच में ही शतक जड़ दिया। इस विस्फोटक प्रदर्शन के बाद अब वह फूले नहीं समा रहे। उन्होंने मैच के बाद कहा कि आज उनका दिन था।
भारत बनाम जिम्बाब्वे
- फोटो : अमर उजाला
अभिषेक शर्मा ने जड़ा शतक
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मैच से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दूसरे टी20 में दमदार बल्लेबाजी की। अभिषेक ने 47 गेंदों पर सात चौकों और आठ छक्के की मदद से 100 रन बनाए। यह भारत के लिए अभिषेक का पहला शतक है। अभिषेक शनिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट हुए थे। इसके साथ ही अभिषेक जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं, जबकि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
अभिषेक शर्मा
- फोटो : twitter
अभिषेक शर्मा का बयान
मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा, "मुझे लगा कि अगर आज आपका दिन है तो फिर आपको खुद को अभिव्यक्त करना चाहिए। जीवन दान मिलने के बाद मैंने सोचा कि आज मेरा दिन है और मुझे जिम्मेदारी उठानी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि, "ऋतु (ऋतुराज गायकवाड) ने मुझे सहज बनाए रखने में मदद की। मुझे बड़े शॉट खेलने की अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा था। मेरा मानना है कि टी20 पूरी तरह से लय से जुड़ा है और मुझे लगा कि आज मेरा दिन है। मुझ पर भरोसा बनाए रखने के लिए कोच और कप्तान का आभार।"
भारत बनाम जिम्बाब्वे
- फोटो : अमर उजाला
मैच में क्या हुआ?
भारत ने दूसरे टी20 मैच में जिम्बाब्वे को 100 रनों से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इससे पहले शनिवार को जिम्बाब्वे ने भारत को 13 रनों से हराया था। हालांकि, रविवार को भारतीय टीम ने मेजबानों से अपनी पिछली हार का बदला ले लिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में दो विकेट पर 234 रन बनाए। इस मैदान पर यह किसी टीम द्वारा जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। 2018 में ऑस्ट्रेलिया ने 229/2 रन बनाए थे। जवाब में जिम्बाब्वे 18.4 ओवर में 10 विकेट पर 134 रन ही बना सकी।