फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs WI: टीम इंडिया घरेलू मैदान पर लगातार छठी टी20 सीरीज में जीती, वेस्टइंडीज को आठ रन से हराकर 100वीं जीत दर्ज की

Fri, 18 Feb 2022 11:27 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। उसने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए दूसरे मैच में मेहमान वेस्टइंडीज को आठ रन से हरा दिया। भारतीय टीम सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है।
विज्ञापन
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। उसने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए दूसरे मैच में मेहमान वेस्टइंडीज को आठ रन से हरा दिया। भारतीय टीम सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है। घरेलू मैदान पर टीम इंडिया की ये लगातार छठी टी20 सीरीज जीत है। टी20 में भारत की ये 100वीं जीत है। 
विज्ञापन


भारतीय टीम को घरेलू मैदान पर पिछली बार फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली थी। उसके बाद दक्षिण अफ्रीका से सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। टीम इंडिया ने फिर बांग्लादेश को 2-1 से, वेस्टइंडीज को 2-1 से, श्रीलंका को 2-0 से, इंग्लैंड को 3-2 से और न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया।

विज्ञापन


पूर्णकालिक कप्तान रोहित ने लगाई हैट्रिक
रोहित शर्मा ने पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद सीरीज में जीत की हैट्रिक लगा ली है। इससे पहले टीम इंडिया उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 और वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज जीती थी। मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में विंडीज टीम 20 ओवर में तीन विकेट पर 178 रन ही बना सकी।

विंडीज के खिलाफ घर में लगातार तीसरी सीरीज जीत
वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर भारत ने लगातार तीसरी बार टी20 सीरीज को अपने नाम किया है। कैरेबियाई टीम पहली बार 2018 में भारतीय जमीन पर तीन मैचों की सीरीज खेली थी। तब टीम इंडिया 3-0 से विजयी रही थी। इसके बाद 2019 में भारत ने वेस्टइंडीज को 2-1 से हराया था। ओवरऑल रिकॉर्ड को देखें तो भारतीय टीम विंडीज से पांचवीं टी20 सीरीज जीती थी।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक खेली गई टी20 सीरीज के नतीजे
साल जगह सीरीज में मैच विजेता
2011 वेस्टइंडीज एक भारत 1-0 से जीता
2016 वेस्टइंडीज दो वेस्टइंडीज 1-0 से जीता
2017 वेस्टइंडीज एक वेस्टइंडीज 1-0 से जीता
2018 भारत तीन भारत 3-0 से जीता
2019 वेस्टइंडीज तीन भारत 3-0 से जीता
2019 भारत तीन भारत 2-1 से जीता
2022 भारत तीन भारत 2-0 से आगे

रोवमन पॉवेल कर सकते थे कार्लोस ब्रैथवेट जैसा कमाल
वेस्टइंडीज को जीत के लिए आखिरी ओवर में 24 रन बनाने थे। हर्षल पटेल की पहली गेंद पर रोवमन पॉवेल ने एक रन लिया। अगली गेंद पर कीरोन पोलार्ड ने भी एक रन लिया। पॉवेल ने तीसरी गेंद पर और चौथी गेंद पर छक्का मारकर भारतीय टीम की सांसें तेज कर दी थी। कोलकाता के इसी मैदान पर 2016 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में वेस्टइंडीज के कार्लोस ब्रैथवेट ने स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर लगातार चार छक्के मारकर इंग्लैंड के हरा दिया था। ऐसा लगा कि यहां भी पॉवेल वैसा चमत्कार कर सकते हैं, लेकिन हुआ नहीं। आखिरी दो गेंद पर दो रन ही बने और टीम इंडिया मैच जीत गई।
विज्ञापन

विराट कोहली और ऋषभ पंत - फोटो : बीसीसीआई ट्विटर
कोहली और पंत ने जड़ा शानदार अर्धशतक
भारतीय पारी की बात करें तो कप्तान विराट कोहली ने अपने टी20 करियर का 30वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 41 गेंद पर 52 रन बनाए। इस दौरान विराट ने सात चौके और एक छक्का लगाया। ऋषभ पंत ने 28 गेंद पर नाबाद 52 रन बनाए। उन्होंने भी सात चौके और एक छक्का लगाया। पंत का यह तीसरा अर्धशतक है और तीनों अर्धशतक उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाए हैं। वेंकटेश अय्यर ने 18 गेंद पर 33 और रोहित शर्मा ने 18 गेंद पर 19 रन बनाए। वेस्टइंडीज के रोस्टन चेज को तीन सफलता मिली।

पूरन और पॉवेल ने की शतकीय साझेदारी
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों की बात करें तो रोवमन पॉवेल ने सबसे ज्यादा नाबाद 68 रन बनाए। वहीं, निकोलस पूरन ने 62 रनों की पारी खेली। पॉवेल ने 36 गेंद की पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं, पूरन ने 41 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और तीन छक्के उड़ाए। पॉवेल और पूरन ने 100 रनों की साझेदारी की। ब्रैंडन किंग ने 30 गेंदों पर 22 रन बनाए। काइल मेयर्स नौ रन बनाकर आउट हुए और कीरोन पोलार्ड ने नाबाद तीन रन बनाए। भारत के भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल और रवि बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें