शिखर धवन, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया ने बुधवार (नौ फरवरी) को दूसरे वनडे में मेहमान टीम को 44 रन से हरा दिया। इस मैच में भारतीय टीम के लिए कप्तान रोहित शर्मा के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने ओपनिंग बल्लेबाजी की। हालांकि, टीम इंडिया का यह प्रयोग विफल रहा। रोहित ने ओपनर को लेकर मैच के बाद बड़ा बयान दिया।
रोहित ने कहा कि ऋषभ पंत टीम इंडिया के नियमित ओपनर नहीं हैं। अगले मैच में शिखर धवन की वापसी हो सकती है। वे सीरीज के अंतिम मैच में खेल सकते हैं। रोहित ने कहा, “सूर्यकुमार ने इस मौके का फायदा उठाया। वे जानते हैं कि टीम को उनसे क्या चाहिए। केएल राहुल ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उनका बल्लेबाजी क्रम लगातार ऊपर और नीचे होते रहता है।”
रोहित ने पंत को ओपनिंग कराने के सवाल पर कहा, “हमने एक प्रयोग किया था। यह हमेशा के लिए नहीं था। अगले मैच में शिखर धवन की वापसी हो सकती है।” धवन सीरीज से पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे। इस कारण वे पहला मैच नहीं खेल पाए थे। दूसरे मैच से पहले हालांकि वे ठीक हो गए थे, लेकिन उन्हें आराम दिया गया। सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 11 फरवरी को खेला जाएगा।
रोहित ने प्रसिद्ध कृष्णा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मैंने भारतीय जमीन पर लंबे समय से किसी तेज गेंदबाज द्वारा ऐसी गेंदबाजी नहीं देखी थी। प्रसिद्ध ने तेजी के साथ गेंदबाजी की। वे लगातार आगे बढ़ रहे हैं और साथी खिलाड़ी उनका समर्थन कर रहे हैं।”
प्रसिद्ध कृष्णा ने नौ ओवर में 12 रन देकर चार विकेट लिए। वनडे में इकॉनमी रेट के मुताबिक भारतीय गेंदबाजों द्वारा किया गया यह तीसरा बेहतरीन प्रदर्शन है। इससे पहले मीरपुर (2014) में स्टुअर्ट बिन्नी ने बांग्लादेश के खिलाफ चार रन देकर छह विकेट लिए थे। वहीं, पोर्ट ऑफ स्पेन (2013) में भुवनेश्वर कुमार ने श्रीलंका के खिलाफ आठ रन देकर चार विकेट लिए थे।