अमेरिका के खिलाफ भारत की जीत के हीरो रहे अर्शदीप सिंह को लेकर सुनील गावस्कर ने बीसीसीआई से खास मांग की है। उन्होंने तेज गेंदबाज को रेड बॉल क्रिकेट में मौका देने की बात की है। बुधवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने अमेरिका के खिलाफ सात विकेट से जीत दर्ज की। भारत ने इस जीत के साथ सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। अब टीम इंडिया की नजर कनाडा के खिलाफ मैच पर होगी।
न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 2.25 के इकोनॉमी रेट से सिर्फ नौ रन खर्च किए और चार विकेट हासिल किए। इस दमदार प्रदर्शन के लिए अर्शदीप को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
गावस्कर ने की अर्शदीप सिंह की तारीफ
भारत और अमेरिका के बीच खेले गए मुकाबले के बाद सुनील गावस्कर ने अर्शदीप सिंह की तारीफ की। उन्होंने कहा, "अर्शदीप गेंद को सही लंबाई पर पिच करते हैं, दाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए स्टंप को निशाना बनाते हैं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों से दूर रखते हैं। उनके पास दाएं हाथ और बाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए सही लेंथ पर गेंद करने की क्षमता है। अमेरिका के खिलाफ अर्शदीप यॉर्कर गेंदबाजी करने पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रहे थे, बल्कि उस गेंद की लंबाई को बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। उनकी गेंदबाजी का स्वभाव शानदार है।"
पूर्व बल्लेबाज ने बीसीसीआई से की खास मांग
इस दौरान गावस्कर ने तेज गेंदबाज की तुलना जसप्रीत बुमराह से की। उन्होंने बताया कि बुमराह की तरह अर्शदीप भी लाल गेंद क्रिकेट में घातक प्रदर्शन कर सकते हैं। पूर्व बल्लेबाज ने कहा, "मुझे लगता है कि उनमें बुमराह की तरह ही वह रेड-बॉल क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। अगर वह सफेद गेंद को प्रभावी ढंग से घुमा सकते हैं, तो वह लाल गेंद के साथ भी उतने ही प्रभावशाली हो सकते हैं। चयनकर्ताओं को उन्हें टेस्ट टीम के लिए एक विकल्प के रूप में गंभीरता से विचार करना चाहिए।"
अर्शदीप ने तोड़ा अश्विन का रिकॉर्ड
अमेरिका के खिलाफ अर्शदीप ने टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की तरफ से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के नाम दर्ज था। उन्होंने साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 11 रन देकर चार विकेट हासिल किए थे। बता दें कि टी20 विश्व कप 2024 के 25वें मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिका ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 110 रन बनाए। जवाब में भारत ने 18.2 ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बनाए और सात विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।