रोहित शर्मा घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के इयोन मॉर्गन और न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन को पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने 2017 में पहली बार टीम की कमान संभाली थी। तब से भारत ने उनकी कप्तानी में घर में 17 मैच खेले हैं। इसमें से टीम ने 16 मुकाबले जीते, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा। वहीं मॉर्गन और विलियमसन दोनों की कप्तानी में उनकी टीम ने घरेलू मैदान पर 15-15 मैच जीते हैं।
भारत की ओर से रोहित के बाद विराट कोहली का नाम आता है। विराट की कप्तानी में भारत ने घरेलू मैदान पर 23 टी-20 मैच खेले थे। इसमें से 13 जीते और नौ में हार मिली। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।
भारत ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार 11वीं जीत दर्ज की है। अब भारत वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी से सिर्फ एक जीत दूर है। अफगानिस्तान ने लगातार 12 टी-20 मैच जीते थे। रोहित की कप्तानी में यह लगातार तीसरी टी-20 सीरीज और ओवरऑल चौथी सीरीज जीत है। उन्होंने इस दौरान पिछले साल न्यूजीलैंड को टी-20 सीरीज में 3-0 से, इस साल वेस्टइंडीज को वनडे और टी-20, दोनों सीरीज में 3-0 से हराया और अब श्रीलंका पर भी 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने टी-20 विश्व में भी आयरलैंड, नामीबिया और अफगानिस्तान को हराया था। भारत ने घरेलू जमीन पर टी-20 फॉर्मेट में लगातार सातवीं सीरीज अपने नाम की है।
ईशान किशन को लगी सिर पर चोट
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ ने जानकारी दी कि भारत बनाम श्रीलंका दूसरे टी20 आई के दौरान सिर पर चोट लगने के बाद भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन का मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। श्रीलंका के खिलाड़ी दिनेश चांदीमल को भी चोट के बाद एहतियात के तौर पर अस्पताल ले जाया गया है।