एशिया कप 2023 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से हरा दिया है। टीम इंडिया ने रिकॉर्ड आठवीं बार यह टूर्नामेंट जीता है। छह खिताब के साथ श्रीलंका इस मामले में दूसरे नंबर पर है। हालांकि, इस बार फाइनल मुकाबले में श्रीलंकाई टीम भारत को कोई टक्कर नहीं दे सकी। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने सिर्फ 50 रन बनाए। भारत ने सिर्फ 37 गेंद में बिना कोई विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच से कई रोचक आंकड़े सामने आए हैं, जिनके बारे में हम आपको बता रहे हैं।
एशिया कप फाइनल 2023 से जुड़े रोचक आंकड़े
- इस मैच में दोनों टीमों से कोई भी बल्लेबाजी छक्का नहीं लगा सका।
- कुल 14 चौके लगे, इनमें से सिर्फ पांच श्रीलंका की टीम ने लगाए। इससे ज्यादा छह चौके अकेले शुभमन गिल ने जड़ गिए। भारत की तरफ से कुल नौ चौके लगे।
- भारत ने 17 और श्रीलंका ने 112 गेंदों में कोई रन नहीं बनाया। मैच में कुल 129 गेंद की गई, इनमें से 86 गेंदों पर कोई रन नहीं बना।
- श्रीलंका के पांच बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर आउट हुए। सिर्फ दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू पाए। कुल तीन ही बल्लेबाज ऐसे थे, जिन्होंने छह से ज्यादा गेंदों का सामना किया। इस टीम के चार ही बल्लेबाज चार या उससे से ज्यादा रन बना पाए।
- भारतीय टीम ने इस मैच में पांच अतिरिक्त रन दिए। इससे ज्यादा रन श्रीलंका के सिर्फ तीन बल्लेबाजों के थे। इसका मतलब है कि श्रीलंकाई पारी में चौथा सर्वश्रेष्ठ योगदान अतिरिक्त रनों का था।
- भारतीय तेज गेंदबाजों ने इस मैच में 3.30 के इकोनॉमी रेट से रन दिए और श्रीलंकाई पारी के सभी 10 विकेट लिए। वहीं, श्रीलंकाई तेज गेंदबाजों ने चार ओवर में 10.50 के इकोनॉमी रेट से रन लुटा दिए, जबकि उनके स्पिन गेंदबाजों का इकोनॉमी रेट 3.80 था।
- श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने कुल 92 गेंदों का सामना किया और बल्ले से 45 रन बनाए। वहीं, भारतीय बल्लेबाजों ने 37 गेंद में ही 50 रन जोड़ लिए।
मैच में क्या हुआ?
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन बुमराह ने पहले ही ओवर में विकेट लेकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। सिराज ने श्रीलंकाई पारी के चौथे ओवर में चार विकेट लिए और पूरे बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। अपने अगले ओवर में सिराज ने पांच विकेट पूरे किए। हार्दिक ने तीन विकेट लिए और सिराज के हाथ एक और सफलता लगी। कुसल मेंडिस के 17 और दसून हेमंता के 13 रन की बदौलत किसी तरह श्रीलंकाई टीम 50 रन का स्कोर बना सकी। जवाब में भारत ने 37 गेंद में लक्ष्य हासिल कर लिया। शुभमन गिल 27 और ईशान किशन 23 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 263 गेंद रहते 10 विकेट से मैच अपने नाम किया।